ट्रेन से राजस्थान की ओर सफर की योजना बना रहे यात्रियों के लिए यह जानकारी बेहद अहम है। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के अंतर्गत सूरतगढ़-लालगढ़ रेल सेक्शन में निर्माण से जुड़ा काम चल रहा है। इसी काम के लिए ब्लॉक लिया जाएगा, जिसका असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने पहले ही ट्रेनों का बदला हुआ शेड्यूल जारी कर दिया है और सलाह दी है कि घर से निकलने से पूर्व ट्रेन की टाइमिंग जरूर जांच लें।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि निर्माण कार्य की अवधि में कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, कुछ के मार्ग में बदलाव किया जाएगा, वहीं कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित समय से देरी से रवाना किया जाएगा।
यह ट्रेन रहेगी आंशिक रूप से रद्द
ट्रेन संख्या 22997 झालावाड़ सिटी-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 28 जून 2026 को झालावाड़ सिटी से रवाना होगी, लेकिन यह केवल बीकानेर तक ही संचालित होगी। इस वजह से यह ट्रेन बीकानेर और श्रीगंगानगर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
बदले हुए मार्ग से चलने वाली ट्रेन
ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर एक्सप्रेस 29 जून 2026 को हनुमानगढ़ से परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन हनुमानगढ़-सादुलपुर-रतनगढ़-डेगाना-मेडता रोड होते हुए संचालित होगी।
मार्ग बदलाव के दौरान यह ट्रेन एलनाबाद, नोहर, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़ और डेगाना स्टेशनों पर ठहरेगी। हालांकि पीलीबंगा, सूरतगढ़, लूनकरनसर, लालगढ़, बीकानेर, देशनोक, नोखा, नागौर और मारवाड़ मूंडवा स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं रहेगा।
इन ट्रेनों के समय में हुआ बदलाव
इसके साथ ही कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी फेरबदल किया गया है। ट्रेन संख्या 54702 लालगढ़-अबोहर 29 जून को लालगढ़ से अपने तय समय से एक घंटे की देरी से रवाना होगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 19720 सूरतगढ़-जयपुर रेलसेवा 29 जून को सूरतगढ़ से 45 मिनट की देरी से चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 28 जून को ऋषिकेश से अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 30 मिनट की देरी से प्रस्थान करेगी।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/bikaner-indian-railway-some-trains-to-rajasthan-cancelled-and-routes-changed-new-schedule-released-10544258.html