सड़क धंसने से मचा हड़कंप
पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना के पॉश इलाके किचलू नगर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा जमीन के भीतर समा गया। इस घटना के कारण लगभग 30 फीट लंबी और 15 से 20 फीट गहरी खाई बन गई। डीएमसी रोड की ओर जाने वाला यह रास्ता पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इस मार्ग को प्रशासन ने आम लोगों के लिए सील कर दिया है और चारों तरफ बैरिकेडिंग लगा दी गई है।
सीवरेज पाइपलाइन टूटने से बढ़ी समस्या
सड़क धंसने की इस घटना के साथ ही जमीन के अंदर बिछी सीवरेज की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइपलाइन टूटने से पानी का तेज बहाव गड्ढे के अंदर जा रहा है, जिससे मिट्टी और कटने का डर बना हुआ है। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी कमल सिंघानिया ने आपबीती बताते हुए कहा कि उनकी कोठी के बाहर खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया अचानक सड़क धंसने के चलते उसमें फंस गया था। हालांकि ट्रैक्टर चालक तो किसी तरह अपना वाहन निकालकर वहां से निकल गया, लेकिन उसके बाद सड़क के बैठने की गति काफी तेज हो गई।
घर को खाली कराया गया
तेज आवाज सुनकर जब परिवार के सदस्य घर से बाहर आए, तो उन्होंने सड़क को गायब होते देखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों ने घर को खाली कर दिया है। नगर निगम की टीमें अब घर की नींव को बचाने के लिए आरसीसी सपोर्ट देने का काम कर रही हैं ताकि मकान को किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाया जा सके।
10 दिनों में हो पाएगी सड़क की मरम्मत
नगर निगम के अधिकारियों का मानना है कि इस दुर्घटना के पीछे किसी निजी कंपनी की लापरवाही हो सकती है, जिसने शायद क्षेत्र में भूमिगत केबल या अन्य उपयोगिता वाली लाइनें बिछाते समय नियमों का पालन नहीं किया। निगम ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल लोगों से अपील की गई है कि वे डीएमसी रोड तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। निगम के अनुसार, सड़क को पूरी तरह ठीक करने और यातायात दोबारा शुरू करने में कम से कम 10 दिन का समय लग सकता है।
पहले भी सामने आई थी समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जगह पहले भी खतरे का संकेत दे चुकी है। पूर्व में भी इसी स्थान पर सड़क धंसी थी, हालांकि तब गड्ढा इतना विशाल नहीं था। उस दौरान नगर निगम ने केवल मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से सड़क की मरम्मत कर दी थी। निगम की इसी ढिलाई का नतीजा है कि इस बार सड़क ने इतना बड़ा रूप धारण कर लिया है कि आसपास के मकानों पर भी ढहने का खतरा मंडराने लगा है। फिलहाल मौके पर बचाव कार्य जारी है और निगम की प्राथमिकता सीवर लाइन को दुरुस्त करने के साथ मकान को सुरक्षा प्रदान करना है।
https://www.indiatv.in/punjab/ludhiana-posh-area-road-crater-blocking-vehicle-entry-for-10-days-2026-08-07-1235814