अभिनेत्री तृषा पर कथित विवादित टिप्पणी मामला: डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, बोले- 'कानूनी रूप से लड़ूंगा लड़ाई'

तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा पर कथित टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद डीएमके ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।

तमिलनाडु की राजनीति में उस समय भारी खलबली मच गई जब पुलिस ने मंगलवार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अभिनेत्री तृषा और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की दोस्ती पर कथित रूप से की गई एक विवादित टिप्पणी को लेकर की गई है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उदयनिधि स्टालिन ने इस पुलिसिया कार्रवाई को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वह इसके खिलाफ अदालत में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

हिरासत में लिए जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और उसे गलत तरीके से पेश किया गया है। उदयनिधि के शब्दों में, "उन्होंने 'कट, कॉपी और पेस्ट' तकनीक का सहारा लेकर सोशल मीडिया पर एक झूठी कहानी और भ्रामक जानकारी फैलाई है। मैंने ऐसा कुछ भी नहीं कहा जिसके लिए मुझे दोषी ठहराया जाए। मैं ऐसी धमकियों और पुलिसिया कार्रवाई से डरने वाला इंसान नहीं हूं। मैं इस पूरे मामले का कोर्ट में कानूनी रूप से सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।" उन्होंने आगे कहा कि उनके खिलाफ की गई यह पुलिसिया कार्रवाई पूरी तरह से एक "मजाक" बनकर रह गई है।

घर से हुई गिरफ्तारी और दर्ज हुईं ये गंभीर धाराएं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तंजावुर (पूर्व) पुलिस की एक टीम मंगलवार को चेन्नई के नीलांकरई इलाके में स्थित उदयनिधि स्टालिन के आवास पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें उनके घर से ही हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए तंजावुर ले गई। बताया जा रहा है कि कल कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक विरोध सभा में उनके द्वारा दिए गए भाषण को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके सिलसिले में उनसे पूछताछ की जाएगी।

उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य कानूनों के तहत अत्यंत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उनके खिलाफ दर्ज की गई धाराओं की सूची इस प्रकार है:

  • BNS की धाराएं: उनके ऊपर BNS की धारा 61, 79, 192, 196, 296(b), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
  • महिला उत्पीड़न कानून: इसके साथ ही तमिलनाडु महिलाओं के उत्पीड़न निषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
  • आईटी एक्ट: डिजिटल माध्यमों पर टिप्पणी के प्रसार को लेकर आईटी अधिनियम की धारा 67 भी इस मामले में जोड़ी गई है।

आखिर क्या था पूरा विवाद?

इस पूरे सियासी बवाल की शुरुआत तब हुई जब उदयनिधि स्टालिन एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ में से कुछ लोगों ने अचानक "तृषा, तृषा" के नारे लगाने शुरू कर दिए और उनके भाषण में बाधा डाली। इस नारेबाजी के बाद उदयनिधि थोड़ी देर के लिए रुके और फिर उन्होंने मंच से टिप्पणी करते हुए कथित तौर पर कहा, "पानी चाहे कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, उसे वहां जरूर पहुंचना चाहिए।" हालांकि, उन्होंने तुरंत इस पर सफाई देते हुए स्पष्ट कर दिया था कि वह कावेरी नदी के पानी की बात कर रहे थे, न कि किसी और संदर्भ में। लेकिन इस बयान को लेकर विवाद लगातार बढ़ता चला गया।

डीएमके ने सरकार को घेरा, लगाया बदले की भावना का आरोप

इस गिरफ्तारी पर मुख्य विपक्षी दल डीएमके ने एक आधिकारिक बयान जारी कर सरकार की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। पार्टी ने इस गिरफ्तारी को पूरी तरह से बदले की भावना से की गई कार्रवाई करार दिया है। डीएमके का कहना है कि इस समय कावेरी नदी के पानी को लेकर राज्य के किसान बेहद परेशान हैं और इस मुद्दे पर टीवीके सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। इसी वजह से अपनी असफलताओं को छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार ने जानबूझकर इस अनर्गल विवाद को हवा दी है और विपक्ष के नेता को गिरफ्तार किया है।

डीएमके ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि उदयनिधि स्टालिन ने जनसभा में जो कुछ भी कहा था, वह पूरी तरह से कावेरी नदी के पानी के संदर्भ में था, लेकिन विरोधी दल इसका गलत और मनगढ़ंत अर्थ निकाल रहे हैं। पार्टी ने कानून की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून तो सभी के लिए एक समान होना चाहिए। फिर डीएमके के खिलाफ भद्दी और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले सूबे के मुख्यमंत्री जोसफ विजय और टीवीके के अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अब तक कोई कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई है?

https://www.indiatv.in/india/politics/vulgar-comments-on-actress-trisha-udhayanidhi-stalin-arrest-politics-boils-in-tamilnadu-2026-08-04-1235226