कुचामन से जयपुर रेफर हुए मरीज
राजस्थान के कुचामन सिटी स्थित सरकारी अस्पताल में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने वाले पांच मरीजों की आंखों में गंभीर संक्रमण होने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ऑपरेशन के तुरंत बाद मरीजों की आंखों में तेज तकलीफ, संक्रमण और सफेदपन जैसी समस्याएं उभर आईं। स्थिति को बिगड़ता देख स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और आनन फानन में इन सभी मरीजों को बुधवार देर शाम जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल के चरक भवन में पहुंचते ही इन मरीजों को तत्काल भर्ती कर विशेषज्ञों की देखरेख में उपचार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज
इस पूरे मामले की गंभीरता को भांपते हुए एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी, कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. राकेश जैन, ड्यूटी इंचार्ज डॉ. मनोज शर्मा और डॉ. गिरधर गोयल ने देर शाम अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। चरक भवन में नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह, पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज शर्मा और वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. मनीष शर्मा की देखरेख में मरीजों का इलाज चल रहा है। डॉ. नरेंद्र सिंह के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजे सभी मरीज अस्पताल पहुंचे। वर्तमान में तीन महिला और दो पुरुष मरीजों का इलाज स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। मरीजों की स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन उन्हें अलग वार्ड में रखकर वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष टीम निरंतर उनकी निगरानी कर रही है। चिकित्सा टीम का मुख्य उद्देश्य मरीजों की आंखों की रोशनी बचाने का है।
मरीजों की पहचान
इस हादसे का शिकार होने वाले पांचों मरीजों की सूची इस प्रकार है:
- घासीराम (65 वर्ष)
- हीराराम (73 वर्ष)
- गोकुल (70 वर्ष)
- मीरा देवी (68 वर्ष)
- नारायणी (67 वर्ष)
ऑपरेशन के बाद लापरवाही के सवाल
इन सभी मरीजों की आंखों का ऑपरेशन मंगलवार को कुचामन सिटी के सरकारी अस्पताल में किया गया था। सर्जरी के कुछ ही समय बाद आंखों में संक्रमण और अन्य जटिलताएं पैदा हो गईं। अब इस पूरे प्रकरण को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य रूप से ऑपरेशन थिएटर में संक्रमण नियंत्रण के मानकों और उपकरणों की स्टरलाइजेशन प्रक्रिया में हुई चूक को लेकर जांच की जा रही है। एक ही दिन में इतने सारे मरीजों का एक साथ संक्रमित होना स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खोलता नजर आ रहा है।
https://www.indiatv.in/rajasthan/kuchaman-cataract-surgery-leads-to-major-crisis-infection-worsens-eye-condition-of-five-patients-2026-07-30-1234239