परीक्षा केंद्र के अंदर सॉल्वर और मिनी प्रिंटर का खेल
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित होमगार्ड हवलदार इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। राजधानी पटना के शास्त्री नगर स्थित बालक उच्च विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर जब सॉल्वर गैंग सक्रिय हुआ, तो पुलिस, मजिस्ट्रेट और अन्य सतर्क शिक्षकों ने समय रहते जाल बिछाकर उन्हें धर दबोचा। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और दो पुरुष शिक्षकों समेत कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया है। इन सभी से फिलहाल शास्त्री नगर थाने में पूछताछ की जा रही है और उनके पास से संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
शिक्षक ही निकले गिरोह के सूत्रधार
जांच में जो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, उनके अनुसार नकल कराने की इस साजिश में स्कूल के ही शिक्षक शामिल थे। हाजीपुर का रहने वाला राहुल नाम का एक सॉल्वर परीक्षा केंद्र के अंदर घुसने में कामयाब हो गया था। उसने बेहद शातिराना अंदाज में स्कूल के बाथरूम में एक मिनी प्रिंटर छिपा कर रखा था। राहुल के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। उसकी कार्यप्रणाली यह थी कि बाहर से मोबाइल के जरिए अभ्यर्थियों के रोल नंबर उसे भेजे जाते थे, जिन्हें वह प्रिंटर से निकालकर संबंधित उम्मीदवारों तक पहुंचा देता था।
जांच में एक इनविजिलेटर की भूमिका संदिग्ध
शास्त्री नगर के एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की तत्परता से ही इस गिरोह का पर्दाफाश हो पाया। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि स्कूल का एक इनविजिलेटर भी इस पूरे खेल में पूरी तरह संलिप्त था। पुलिस ने घटनास्थल से दो मिनी प्रिंटर और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट के लिखित आवेदन पर शास्त्री नगर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहन पड़ताल कर रही है ताकि इसके पीछे के अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
शिक्षक भर्ती परीक्षा लीक का मास्टरमाइंड भी गिरफ्त में
एक तरफ जहां हवलदार इंस्ट्रक्टर परीक्षा में धांधली की कोशिश विफल हुई है, वहीं दूसरी ओर राज्य की अन्य बड़ी परीक्षाओं में धांधली करने वाले भी कानून की जद में आ रहे हैं। इसी क्रम में, साल 2024 की BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा का मास्टरमाइंड डॉक्टर मनीष पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पूछताछ में उसके बारे में एक बेहद चौंकाने वाली जानकारी मिली है कि वह पेशे से एक MBBS डॉक्टर है और 2021 बैच का पासआउट है।
https://www.indiatv.in/bihar/bihar-patna-bpssc-homeguard-instructor-exam-10-fraud-arrested-2026-07-29-1234219