नेपाल-भारत सीमा पर बोलबम यात्रा के दौरान हिंसक झड़प, गोलीबारी में 2 लोगों की मौत

नेपाल के सुनसरी जिले में बोलबम यात्रा को लेकर दो समुदायों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें गोलीबारी के कारण 2 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।

धार्मिक यात्रा के दौरान हुआ विवाद

नेपाली कैलेंडर के मुताबिक सावन के महीने की शुरुआत हो चुकी है और इस दौरान बड़ी संख्या में शिव भक्त बोलबम यात्रा निकालकर नेपाल से भारत के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शुमार देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकलते हैं। इस परंपरा के तहत सुनसरी के पिण्डेश्वर में भक्तों द्वारा जलाभिषेक के लिए एक यात्रा निकाली जा रही थी। इसी यात्रा के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने धार्मिक झंडों को लेकर आपत्ति जताई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। यह घटना भारत-नेपाल की पथरदेवा सीमा से लगभग छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित बिहार से सटे नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांव पालिका वार्ड संख्या 3 के कप्तानगंज इलाके में हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और जनहानि

हिंसक झड़प को काबू करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके तहत गोलीबारी भी हुई। इस पूरी घटना में स्थानीय निवासी 24 वर्षीय ओमप्रकाश मेहता को गोली लग गई, जिन्हें इलाज के लिए विराटनगर स्थित न्यूरो अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनसरी के जिलाधिकारी बासुदेव घिमिरे ने जानकारी दी है कि हिंसा के दौरान एक पुलिस इंस्पेक्टर समेत कुल 8 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सुनसरी के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार थेवे के अनुसार, घटना की शुरुआत तब हुई जब पिंडेश्वर से बोलबम यात्रा के लिए डीजे के साथ सप्तकोशी नदी की ओर जाने की तैयारी चल रही थी। यात्रा को बाद में बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करना था, लेकिन दूसरे पक्ष के युवाओं ने डीजे बजाने पर रोक टोक की, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

गोलीबारी के बाद इलाके में आगजनी और कर्फ्यू

हिंसा को नियंत्रित करने की कोशिश में पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे और हवा में गोलियां चलाईं, लेकिन जब स्थिति हाथ से निकल गई तो पुलिस को गोली चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई में एक ही समुदाय के 10 लोग घायल हो गए, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कप्तानगंज बाजार में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। आक्रोशित भीड़ ने मेडिकल स्टोर, वाहनों और घरों को निशाना बनाया।

इस हिंसक घटना में घायल हुए कई लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कोशी अस्पताल में 22 वर्षीय मिथलेश यादव, 18 वर्षीय अमलेश मेहता, 25 वर्षीय मिथलेश मेहता और 20 वर्षीय अमित कुमार यादव का इलाज चल रहा है। इसके अतिरिक्त, विराट नर्सिंग होम में 21 वर्षीय रविन्द्र मेहता, 18 वर्षीय अमित कुमार यादव, 25 वर्षीय सुनिल कुमार मेहता और 26 वर्षीय सुनिल कुमार मेहता समेत अन्य का उपचार किया जा रहा है। पुलिस निरीक्षक राकेश राई को सिर में गंभीर चोट आई है। फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।

https://www.indiatv.in/bihar/two-communities-clash-over-bolbam-yatra-on-india-nepal-border-two-killed-in-firing-2026-07-27-1233759