लंदन के आलीशान होटल में सऊदी राजकुमार की संदिग्ध मौत, ड्रग्स और शराब का कॉकटेल बना जानलेवा

लंदन के एक महंगे होटल में मृत पाए गए सऊदी शाही परिवार के सदस्य की मौत की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत का कारण अत्यधिक मात्रा में शराब और घातक नशीले पदार्थों का सेवन करना था।

लंदन के होटल में मिली प्रिंस की लाश

लंदन के एक प्रतिष्ठित होटल में पिछले साल मृत पाए गए सऊदी अरब के राजकुमार के मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। इनर वेस्ट लंदन कोरोनर कोर्ट में पेश की गई एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि सऊदी शाही परिवार के सदस्य अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअज़ीज़ बिन जलावी अल सऊद की मौत शरीर में नशीले पदार्थों के घातक मिश्रण के कारण हुई थी। जांच के अनुसार, उनके शरीर में शराब के साथ ही गामा-हाइड्रॉक्सीब्यूटाइरेट यानी GHB, भांग और ज़ैनैक्स जैसी दवाओं के अंश मिले थे।

कोर्ट को बताया गया कि मौत के समय उनके खून में शराब की सांद्रता गाड़ी चलाने की तय कानूनी सीमा से लगभग तीन गुना ज्यादा थी। यह दुखद घटना 25 नवंबर को वेस्ट लंदन के केंसिंग्टन स्थित मैरियट होटल में हुई थी, जहां राजकुमार एक कमरे में ठहरे हुए थे जिसका किराया प्रति रात 600 यूरो था।

नशे की लत और इलाज की कोशिश

सुनवाई के दौरान यह जानकारी सामने आई कि 29 वर्षीय राजकुमार काफी समय से शराब और ज़ैनैक्स की लत से जूझ रहे थे। अपनी इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने कई महंगे क्लीनिकों में इलाज भी कराया था। तीन महीने पहले ही उन्हें लंदन के रोहैम्पटन स्थित प्रायरी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। इस क्लीनिक में एक सप्ताह रहने का खर्च करीब 35,000 यूरो तक हो सकता है। वहां डॉक्टरों ने उन्हें शराब, बेंजोडायजेपाइन और प्रीगाबालिन जैसी नशीली दवाओं के प्रभाव से मुक्त करने (डिटॉक्स) का इलाज दिया था।

प्रायरी से निकलने के बाद, उन्होंने मर्सीसाइड के रेनफोर्ड हॉल क्लिनिक में भी अपना इलाज जारी रखा, जहां प्रति सप्ताह का खर्च 7,000 यूरो था। वहां उन्हें ऊपरी श्वसन मार्ग में संक्रमण होने की भी पुष्टि हुई थी, जिसके बाद 14 अक्टूबर को उन्हें उस क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई थी।

घटना वाली रात का विवरण

स्काई न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 25 नवंबर, 2025 की है। होटल के स्टाफ को तब सतर्क होना पड़ा जब सफाई कर्मचारी को पांचवीं मंजिल पर स्थित राजकुमार का कमरा अंदर से बंद मिला। जब दरवाजा खोला गया तो वे बाथरूम के फर्श पर मृत अवस्था में पाए गए। पैरामेडिक्स की टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पुष्टि की कि कार्डियक अरेस्ट यानी दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई। उनके शरीर में अल्कोहल का स्तर 100 ml रक्त में 222 mg तक पाया गया। इसके अलावा, पार्टी ड्रग के रूप में मशहूर GHB की खतरनाक मात्रा भी उनके शरीर में पाई गई।

हत्या और आत्महत्या की संभावना से इनकार

जांच में स्पष्ट किया गया है कि इस मामले में किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। प्रिंस 19 नवंबर को होटल में रुके थे और सीसीटीवी फुटेज में उन्हें आखिरी बार घटना से एक रात पहले अकेले ही सिगरेट पीते हुए बाहर जाते देखा गया था। पुलिस और कोरोनर कोर्ट की जांच में फिलहाल ऐसी कोई वजह सामने नहीं आई है, जिससे आत्महत्या का संदेह हो।

उनकी टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट यह साबित करती है कि शराब और दवाओं का अधिक मात्रा में सेवन उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। शराब पीकर गाड़ी चलाने की कानूनी सीमा 80 mg है, जबकि प्रिंस के खून में इथेनॉल की मात्रा 222 mg थी। इन पदार्थों के घातक संयोजन ने सीधे उनके दिल पर असर डाला और उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ।

https://www.indiatv.in/world/around-the-world/saudi-prince-died-at-london-hotel-after-taking-cocktail-of-drugs-alcohol-cannabis-xanax-2026-07-24-1233178