हापुड़ में बुजुर्ग महिला के साथ बर्बरता का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद से एक बेहद हैरान करने वाला और अमानवीय मामला सामने आया है। कपूरपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर बांसका की मढैया गांव में पारिवारिक कलह और संपत्ति के लालच में बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला किया गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे कुछ लोग एक बेबस बुजुर्ग महिला को सड़क पर घसीट रहे हैं और उन पर लगातार हमला कर रहे हैं। इस अमानवीय कृत्य को देखकर हर कोई स्तब्ध है।
पुलिस में दी गई लिखित शिकायत
पीड़ित बुजुर्ग महिला तस्सो, जो कि स्व. अलीयार की पत्नी हैं, ने कपूरपुर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक यह पूरी वारदात 23 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे के आसपास हुई। तस्सो का आरोप है कि उनके ही परिवार के सदस्य, जिनमें बहू सन्नो, फरहा, साबाद और शोएब (बेटे की बहू और पोते) शामिल हैं, ने उन्हें अचानक रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उन लोगों ने बुजुर्ग महिला को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। इस क्रूर हमले के कारण महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा और पट्टी करानी पड़ी।
मुआवजे की रकम बनी विवाद की जड़
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद का मुख्य कारण जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवजा है। पीड़िता को सरकार की ओर से करीब 5,40,000 रुपये की मुआवजा राशि मिली थी। आरोप है कि आरोपी परिवार के सदस्य पहले ही इसमें से तीन लाख रुपये ले चुके हैं, लेकिन उनकी लालच यहीं खत्म नहीं हुई। वे अब और 2.5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। जब बुजुर्ग सास ने और पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने रंजिश के चलते उन्हें घेर लिया और मारपीट की।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच बचाव कर किसी तरह बुजुर्ग महिला को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस सरेआम मारपीट से स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा है। पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी नाजुक शारीरिक स्थिति और उम्र को ध्यान में रखते हुए हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें समुचित सुरक्षा प्रदान की जाए। कपूरपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/elderly-mother-in-law-brutally-beaten-by-daughter-in-law-and-grandsons-in-hapur-2026-07-24-1233116