अमेरिका में भारतीय मूल के अमीश शाह का कमाल, एरिजोना में डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीतकर रचा इतिहास

अमेरिका के एरिजोना में भारतीय मूल के डॉक्टर और राजनेता अमीश शाह ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में जीत दर्ज की है। अब नवंबर में होने वाले मुख्य चुनाव में उनका सामना डोनाल्ड ट्रंप समर्थित उम्मीदवार से होगा।

एरिजोना में अमीश शाह की बड़ी जीत

अमेरिका के एरिजोना राज्य की फर्स्ट कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से भारतीय मूल के अमेरिकी राजनेता अमीश शाह ने डेमोक्रेटिक पार्टी की प्राइमरी में बड़ी सफलता हासिल की है। मध्यममार्गी डेमोक्रेट के रूप में पहचान बनाने वाले अमीश शाह ने इस मुकाबले में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा समर्थित उम्मीदवार और पूर्व टीवी पत्रकार मार्लीन गैलन-वुड्स को शिकस्त दी है। अब नवंबर महीने में आयोजित होने वाले अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (कांग्रेस) के चुनाव में अमीश शाह का मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी और पूर्व NFL किकर जे फीली से होगा। खास बात यह है कि जे फीली को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त है।

जनसंपर्क से बदली किस्मत

पेशे से इमरजेंसी मेडिसिन डॉक्टर रहे अमीश शाह इससे पहले एरिजोना विधानसभा के लिए तीन बार सदस्य चुने जा चुके हैं। उनकी इस जीत का श्रेय उनके अनोखे चुनावी अभियान को दिया जा रहा है। प्रचार के दौरान उन्होंने स्वयं घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संपर्क साधा और लगभग 28,000 घरों तक पहुँचकर अपनी नीतियों और विचारों को साझा किया। उनकी इस मेहनत ने उन्हें जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, उनकी प्रतिद्वंद्वी मार्लीन गैलन-वुड्स को डेमोक्रेटिक कांग्रेसनल कैंपेन कमेटी का भारी समर्थन प्राप्त था, लेकिन उनकी हार हुई। इस साल DCCC समर्थित उम्मीदवारों की यह लगातार तीसरी हार है, इससे पहले कैलिफोर्निया में जसमीत बैंस और मेन में जो बाल्डाची को भी इसी प्रकार की हार का सामना करना पड़ा था।

मैदान के पुराने साथी अब सियासी प्रतिद्वंद्वी

अमीश शाह और जे फीली के बीच का यह चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प है क्योंकि इन दोनों का पेशेवर रिश्ता पुराना है। एक समय था जब अमीश शाह न्यूयॉर्क जेट्स फुटबॉल टीम के डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे और खिलाड़ियों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराते थे। उस दौरान जे फीली उसी टीम के लिए किकर के तौर पर खेल रहे थे। आज वे दोनों एक ही चुनावी मैदान में विपरीत ध्रुवों पर खड़े हैं।

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि

अमीश शाह का जन्म शिकागो शहर में उन गुजराती माता-पिता के घर हुआ था, जो 1960 के दशक में भारत से अमेरिका जाकर बस गए थे। उनके पिता जैन और माता हिंदू हैं। अपनी शिक्षा के सफर में उन्होंने नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री ली और वहीं के ऑनर्स प्रोग्राम इन मेडिकल एजुकेशन के माध्यम से मेडिकल की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से पब्लिक हेल्थ में मास्टर डिग्री हासिल की, जिसके लिए उन्हें फुल मेरिट स्कॉलरशिप मिली थी। उन्होंने न्यूयॉर्क के व्यस्ततम लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर में इमरजेंसी मेडिसिन की रेजिडेंसी का कठिन प्रशिक्षण भी पूरा किया है।

क्या बोले अमीश शाह

अपनी जीत के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए अमीश शाह ने कहा कि यह जीत पूरी तरह से जमीनी स्तर की है। उन्होंने कहा, 'एरिजोना के मतदाताओं ने अपनी आवाज बुलंद की है। अब मेरी जिम्मेदारी है कि मैं इस जिले के हर मतदाता का विश्वास जीतूं, चाहे वे डेमोक्रेट हों जिन्होंने किसी दूसरे उम्मीदवार को वोट दिया हो, राजनीतिक व्यवस्था से नाराज निर्दलीय हों या फिर देश की मौजूदा स्थिति से निराश रिपब्लिकन मतदाता।' ज्ञात हो कि यह लगातार दूसरा मौका है जब अमीश शाह ने इस जिले से प्राइमरी चुनाव जीता है। वर्ष 2024 में भी उन्होंने पार्टी की प्राइमरी जीती थी, हालांकि आम चुनाव में उन्हें रिपब्लिकन नेता डेविड श्वाइकर्ट से 4 प्रतिशत अंकों के अंतर से हार मिली थी।

पशु प्रेम और अन्य रुचियां

अमीश शाह न केवल चिकित्सा और राजनीति में सक्रिय हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी रुचि है। उन्होंने स्वस्थ खानपान को बढ़ावा देने और बीमारियों को लेकर जागरूकता फैलाने हेतु एरिजोना वेजिटेरियन फूड फेस्टिवल की शुरुआत की थी। वे साउंड्स अकादमी और ह्यूमेन सोसाइटी ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स जैसे कई सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए हैं, जो बच्चों को कला और पशु संवेदनशीलता जैसे विषयों से जोड़ते हैं। अपनी निजी जिंदगी में अमीश शाह को बास्केटबॉल खेलना, छोटे विमान उड़ाना और रोमांचक यात्राओं पर जाना पसंद है। वे गुजराती के साथ-साथ स्पेनिश भाषा भी बोल लेते हैं। अमीश शाह ने तीन बिल्लियां भी पाल रखी हैं, जिनके नाम उन्होंने हिलेरी, मिस म्याओर्सन और कजिन ओलिवर रखे हैं।

https://www.indiatv.in/world/us/indian-american-amish-shah-wins-arizona-democratic-primary-sets-up-high-stakes-us-house-showdown-2026-07-23-1232913