पन्ना में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, पत्नी ने पूर्व पति के साथ मिलकर की थी पति की हत्या

मध्य प्रदेश के पन्ना में करीब एक साल पहले हुए चर्चित हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके पूर्व पति को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है।

पन्ना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में घटी बघवारकलां की हत्या की घटना का पुलिस ने आखिरकार करीब एक साल बाद पर्दाफाश कर दिया है। पन्ना पुलिस ने इस मामले में नन्नू सोनी की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी अर्चना सोनी और अर्चना के पूर्व पति रामप्रताप सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों ने मिलकर एक सोची समझी साजिश के तहत नन्नू सोनी की हत्या को अंजाम दिया था। इस मामले की मुख्य वजह जमीन के मालिकाना हक को लेकर विवाद और पारिवारिक कलह सामने आई है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी पूरे एक साल तक पुलिस को चकमा देते रहे और लगातार अपने नाम, भेषभूषा और ठिकाने बदलते रहे, लेकिन अंततः पुलिस ने सात राज्यों में लगातार छापेमारी कर उन्हें गुजरात के सूरत से धर दबोचा।

क्या था पूरा मामला और जमीन विवाद

इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब 11 जुलाई 2025 को बघवारकलां निवासी मुन्नालाल सोनी ने रैपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, उनके बेटे नन्नू सोनी ने अर्चना सोनी से शादी की थी। अर्चना की यह दूसरी शादी थी और उसका पूर्व पति रामप्रताप सोनी था, जिससे उसकी दो संतानें भी थीं। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही अर्चना अपने बच्चों के नाम जमीन कराने के लिए नन्नू पर दबाव बना रही थी और इसी को लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे।

घटना की रात और अर्चना की फरारी

10 और 11 जुलाई 2025 की दरम्यानी रात को नन्नू सोनी अपने घर में सो रहा था। सुबह जब परिजन वहां पहुंचे, तो नन्नू सोनी का शव बिस्तर पर पाया गया। उसी रात अर्चना अपने दोनों बच्चों के साथ घर से फरार हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की थी।

सात राज्यों में पुलिस की तलाश

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के दिशा-निर्देशों के तहत एक विशेष जांच टीम बनाई गई। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी सबूतों का इस्तेमाल किया। लगभग 12 महीने तक पुलिस की टीमें लगातार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात जैसे सात राज्यों में आरोपियों की तलाश में छापेमारी करती रहीं।

सूरत में पकड़े गए आरोपी

आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद सतर्क थे। वे बार-बार अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम, काम और हुलिया बदलते रहे। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और दोनों को गुजरात के सूरत शहर के कपोदरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट मैरिज और हत्या का तरीका

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पता चला कि अर्चना ने 27 मई 2025 को नन्नू सोनी से कोर्ट मैरिज की थी। अर्चना ने अपने पूर्व पति रामप्रताप को फोन कर बताया कि नन्नू सोनी उसके बच्चों को स्वीकार नहीं कर रहा है और इसे लेकर उनके बीच तनातनी चल रही है। इसके बाद, 10 जुलाई 2025 को रामप्रताप बघवारकलां पहुंचा और अर्चना के साथ मिलकर लकड़ी की मुगरिया से नन्नू सोनी की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/panna-wife-conspired-ex-husband-murder-both-arrested-in-gujarat-after-one-year-2026-07-22-1232816