क्या मध्य प्रदेश में बीजेपी उतारेगी तीसरा प्रत्याशी? कैलाश विजयवर्गीय के बयान से बढ़ी हलचल, कांग्रेस की मुश्किल!

राज्यसभा की दो सीटों पर बीजेपी प्रत्याशियों की जीत को तय बताते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तीसरे उम्मीदवार को लेकर बड़ा संकेत दिया है, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गहमागहमी एक बार फिर तेज हो गई है। जून में तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है और इसी बीच प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान ने सियासी चर्चाओं को नई दिशा दे दी है। उन्होंने जहां पार्टी के घोषित दोनों प्रत्याशियों को संगठन का मजबूत और समर्पित चेहरा करार दिया, वहीं तीसरे उम्मीदवार की संभावना पर भी अहम इशारा कर दिया।

तीन सीटों पर किसने उतारे कौन से चेहरे

मध्य प्रदेश में जून में तीन राज्यसभा सीटों का फैसला होना है। इन सीटों के लिए बीजेपी ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर कांग्रेस ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज नेताओं को किनारे रखते हुए मीनाक्षी नटराजन पर भरोसा जताया है।

संख्याबल के लिहाज से बीजेपी आसानी से दो सीटें जीतने की स्थिति में है, जबकि कांग्रेस के पास भी एक सीट अपने नाम करने लायक पर्याप्त विधायक मौजूद हैं। लेकिन असली पेच तब फंसेगा जब बीजेपी तीसरी सीट के लिए भी अपना उम्मीदवार उतार दे, क्योंकि ऐसी स्थिति में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

तीसरे उम्मीदवार पर क्या बोले विजयवर्गीय

इंदौर में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह मध्य प्रदेश का सौभाग्य है कि उसे दिल्ली का बड़ा नेता मिला है। उन्होंने राज्यसभा के लिए घोषित प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को संगठन के लिए पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाला नेता बताया।

विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा के लिए दो बेहद मजबूत नाम तय किए हैं और दोनों की जीत निश्चित है। तीसरे उम्मीदवार की संभावना से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कहेगी तो भाजपा तीसरे प्रत्याशी को भी जिताकर दिखा देगी।

कांग्रेस के लिए कहां फंस सकता है पेंच

इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। अब यह अनुमान लगाए जाने लगे हैं कि भाजपा तीसरी सीट के लिए भी उम्मीदवार उतार सकती है। ऐसा होने पर तीसरी सीट के लिए मतदान कराना पड़ेगा और अगर कांग्रेस की ओर से क्रॉस वोटिंग हुई, तो कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर निशाना

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी की प्रत्याशी चयन प्रक्रिया की तारीफ करते हुए कहा कि रजनीश अग्रवाल एक साधारण कार्यकर्ता और बौद्धिक क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। उन्होंने उन्हें एक चिंतक, विचारक और बूथ मैनेजमेंट से जुड़ा कार्यकर्ता बताते हुए राज्यसभा जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

वहीं कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वहां पुराने चेहरे और मठाधीश ही बार-बार दोहराए जा रहे हैं।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-mp-rajya-sabha-bjp-may-field-3rd-candidate-kailash-vijayvargiya-hint-congress-local18-10542986.html