'जय श्री राम भाइयों, आज कब्जा लेने आए हैं...', सूनी मस्जिद में युवक का फर्जी ड्रामा, पकड़े जाने पर हाथ जोड़कर मांगी माफी

पानीपत के सनौली में एक युवक ने वायरल होने की चाह में खाली मस्जिद पर कब्जे का फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। करीब दो दिन की तलाश के बाद वह पकड़ा गया और समाज के सामने अपनी करतूत के लिए माफी मांगी।

पानीपत के सनौली में सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की चाहत में एक युवक ने गांव की मस्जिद पर कब्जा लेने का झूठा नाटक रचा और उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाल दिया। यह वीडियो वायरल होते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया और धार्मिक संगठन तुरंत सक्रिय हो उठे। करीब दो दिन की कड़ी खोजबीन के बाद युवक को ढूंढ निकाला गया, जिसके बाद उसने समाज के सामने अपनी इस हरकत के लिए कान पकड़कर माफी मांगी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

दोपहर में खाली मस्जिद का उठाया फायदा

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक सनौली स्थित मस्जिद के पास पहुंचा था। दोपहर का वक्त होने के कारण मस्जिद पूरी तरह सूनी पड़ी थी और वहां न तो कोई नमाजी और न ही कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था। इसी का फायदा उठाते हुए युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।

वीडियो में भड़काऊ अंदाज

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक पहले मस्जिद के बाहर खड़े होकर कैमरे के सामने उकसाने वाले लहजे में कहता है- जय श्री राम भाइयों, आज हम मस्जिद पर कब्जा लेने आए हैं। इसके बाद वह बेखौफ होकर मस्जिद के मुख्य परिसर के भीतर घुस जाता है। अंदर पसरा सन्नाटा देखकर वह जोर से ललकारते हुए कहता है, कोई है क्या अंदर? आज कब्जा लेने आया हूं। इस पूरी रिकॉर्डिंग को उसने सांप्रदायिक रंग देकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

दो दिन की तलाश के बाद धरा गया

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, सनौली गांव समेत पूरे पानीपत जिले के धार्मिक और सामाजिक संगठन सतर्क हो गए। समाज में किसी तरह का दंगा या तनाव न फैले, इसके लिए युवाओं और प्रबुद्ध लोगों की टीमों ने वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब दो दिन की सघन छानबीन के बाद आखिरकार युवक को दबोच लिया गया।

आरोपी ने कबूली सच्चाई

सौधापुर गांव के दीपक को जब धार्मिक संगठनों और ग्रामीणों ने सामने बैठाकर ऐसी शर्मनाक वीडियो बनाने की वजह पूछी, तो उसने सच उगल दिया। युवक ने स्वीकार किया कि मस्जिद से उसका कोई विवाद नहीं था, बल्कि उसने केवल सोशल मीडिया पर रातों-रात वायरल होने, पब्लिसिटी पाने और एक बड़ा मुद्दा खड़ा करने की नीयत से ही यह भड़काऊ वीडियो तैयार किया था।

हाथ जोड़कर मांगी माफी

सच्चाई उजागर होने और समाज के कड़े रुख को देखते हुए युवक के होश ठिकाने आ गए और उसने तुरंत अपनी बड़ी गलती को स्वीकार कर लिया। एक नया वीडियो संदेश जारी करते हुए उसने समाज से हाथ जोड़कर अपील की।

मुझसे जो भी गलती हुई है, उसके लिए मुझे माफ करें। मेरे इस कृत्य की वजह से कोई भी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को खराब न करे। हमारे बीच का अमन-चैन हमेशा कायम रहना चाहिए। मैं आगे कभी भी इस तरह की कोई वीडियो सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर पोस्ट नहीं करूंगा।

बुजुर्गों और सामाजिक संगठनों ने युवक को दोबारा ऐसी गलती न दोहराने की सख्त हिदायत दी है।

https://hindi.news18.com/news/haryana/panipat-video-of-mosque-encroachment-in-sanauli-youth-apologizes-local18-ws-l-10542243.html