राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में अपने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के संकल्प को व्यवहार में उतारते हुए जीत की संभावना वाली दो सीटों में से एक पर महिला को मैदान में उतारा है। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव अलका गुर्जर को उच्च सदन भेजने का निर्णय लेकर भाजपा ने एक ही फैसले से महिला वर्ग और गुर्जर समाज, दोनों को साधने की कोशिश की है। टिकट की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी प्रत्याशी अलका गुर्जर और सतीश पूनिया को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया।
दोनों प्रमुख दलों ने घोषित किए प्रत्याशी
राजस्थान के कोटे की तीन राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष और हरियाणा राज्य के मौजूदा प्रभारी सतीश पूनिया तथा पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव अलका गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने अपने मौजूदा राज्यसभा सांसद नीरज डांगी को दोबारा संसद के उच्च सदन में भेजने का फैसला किया है।
जीत की संभावना वाली दो सीटों में से एक पर महिला प्रत्याशी को उतारकर भाजपा ने आधी आबादी को उसका हक देने का दावा किया है। आजादी के बाद से राजस्थान से अब तक 9 महिलाएं राज्यसभा सांसद बन चुकी हैं।
'नारी शक्ति वंदन' पर सियासी टकराव
बीते दिनों केंद्र सरकार की ओर से पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' लाया गया था, लेकिन बहुमत के अभाव में यह पारित नहीं हो सका। इसके बाद से ही भाजपा इस मुद्दे पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर हमलावर रही। दूसरी ओर, राजस्थान में कांग्रेस ने खाली हुई तीन सीटों को लेकर सवाल उठाया था कि क्या भाजपा आधी आबादी को पूरा हक देगी। चुनाव की तारीख आते ही जिन संभावित नामों की चर्चा थी, उनमें अलका गुर्जर का नाम भी शामिल था और अब उन्हें प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने अपने वादे को मूर्त रूप दे दिया है।
तीनों सीटों पर हो रहा चुनाव
राज्यसभा में राजस्थान के कोटे के तीन सांसद सेवानिवृत्त हो रहे हैं और नए सदस्यों के लिए 18 जून को चुनाव होगा। राजस्थान की 200 सीटों वाली विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए इनमें से दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। राज्यसभा सांसद के चुनाव के तय फॉर्मूले के अनुसार जीत के लिए प्रत्येक प्रत्याशी को प्रथम वरीयता के 51 वोट चाहिए।
वर्तमान में भाजपा के पास 118 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 67 विधायक हैं। इसी संख्या बल के आधार पर अनुमान है कि दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। कांग्रेस प्रत्याशी नीरज डांगी ने टिकट की घोषणा होते ही शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। नामांकन की अंतिम तारीख 8 जून है और भाजपा प्रत्याशी 8 जून को पर्चा भरेंगे।
राज्यसभा जाने वाली 10वीं महिला होंगी अलका गुर्जर
भाजपा प्रत्याशी अलका गुर्जर राजस्थान से संसद के उच्च सदन राज्यसभा में पहुंचने वाली 10वीं महिला होंगी। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस की ओर से अब तक नौ महिलाएं उच्च सदन तक पहुंच चुकी हैं। राजस्थान से सबसे पहले कांग्रेस की शारदा भार्गव राज्यसभा सांसद बनी थीं, जो तीन बार इस पद पर रहीं।
इसके बाद नारायणी देवी, लक्ष्मी कुमारी चूंडावत, ऊषी खान, शांति पहाड़िया, जमनादेवी बारुपाल, प्रभा ठाकुर और नजमा हेपतुल्ला राज्यसभा पहुंचीं। सबसे अंत में साल 2024 में राजस्थान से सोनिया गांधी राज्यसभा सांसद चुनी गईं, जिनका कार्यकाल 2030 तक है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-rajya-sabha-chunav-rajasthan-nari-shakti-vandan-bjp-honored-women-by-giving-ticket-to-alka-gurjar-10542850.html