जब पुतिन कर रहे थे मोदी की तारीफ, कैमरे में दिखी रहस्यमयी महिला की मुस्कान, जानें कौन हैं वो

सेंट पीटर्सबर्ग में अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रमुखों से बातचीत के दौरान पुतिन ने पीएम मोदी और भारत की आर्थिक प्रगति की तारीफ की, तभी कैमरे में उनके सामने बैठी मुस्कुराती महिला चर्चा में आ गईं, जिनकी पहचान कजाखिस्तान की वरिष्ठ मीडिया अधिकारी राउशन काझिबायेवा के रूप में हुई।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को सेंट पीटर्सबर्ग में अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की खुलकर सराहना की। पुतिन ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने उल्लेखनीय तरक्की की है।

उन्होंने आगे कहा कि अब सभी को यह बात समझ में आ चुकी है कि दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दबाव बनाना अंतरराष्ट्रीय और द्विपक्षीय संबंधों के लिए नुकसानदेह है। उनके मुताबिक, यह दबाव चाहे कहीं से भी आए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

तारीफ के बीच कैमरे में कैद हुई मुस्कान

पुतिन जब भारत और पीएम मोदी की प्रशंसा कर रहे थे, ठीक उसी वक्त एक और बात ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कैमरा एक महिला की ओर मुड़ा, जिसके चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान साफ नजर आ रही थी। यह महिला पुतिन के ठीक सामने बैठी हुई थीं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि आखिर यह महिला कौन हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रमुखों की इस हाई-प्रोफाइल बैठक में इतनी प्रमुखता से दिखाया गया। बाद में पता चला कि इनका नाम राउशन काझिबायेवा है।

कैसे हुई पहचान

शुरुआत में इस महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। हालांकि बैठक की एक तस्वीर में उनके सामने रखी रूसी नेमप्लेट के जरिए इनके बारे में जानकारी मिल सकी। एआई ट्रांसलेशन से पता चला कि नेमप्लेट पर राउशन झानाबेरगेनोव्ना काझिबायेवा लिखा हुआ है।

वह कजाखिस्तान की एक वरिष्ठ मीडिया अधिकारी हैं। राउशन कजाखिस्तान के राष्ट्रपति के आधिकारिक मीडिया संगठन 'टेलेरेडियो कॉम्प्लेक्स ऑफ द प्रेसिडेंट ऑफ द रिपब्लिक ऑफ कजाखस्तान' की डायरेक्टर जनरल हैं। यह संस्थान कजाखिस्तान के राष्ट्रपति से जुड़ी सभी आधिकारिक खबरों, प्रसारणों, डॉक्यूमेंट्री और मीडिया प्रबंधन का काम संभालता है। उन्हें कजाखिस्तान की सबसे प्रभावशाली मीडिया हस्तियों में गिना जाता है।

पुतिन की बैठक में क्यों थीं मौजूद

सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF) के दौरान आयोजित इस विशेष बैठक में दुनिया की प्रमुख समाचार एजेंसियों और मीडिया संस्थानों के प्रमुख शामिल हुए थे। इस बैठक में राउशन काझिबायेवा कजाखिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रही थीं।

दिलचस्प बात यह रही कि बैठक में पहला सवाल भी उन्होंने ही पुतिन से पूछा था। उनका सवाल रूस और कजाखिस्तान के रिश्तों तथा हालिया राजकीय यात्रा के महत्व से जुड़ा था। इसके जवाब में पुतिन ने दोनों देशों के संबंधों की जमकर सराहना की। 47 साल की काझिबायेवा शादीशुदा हैं और उनके तीन बच्चे हैं।

कजाखिस्तान में कितना बड़ा है उनका कद

राउशन काझिबायेवा का करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। वह इससे पहले कजाखिस्तान के प्रधानमंत्री की प्रेस सचिव रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने सीनेट की प्रेस सेवा का नेतृत्व किया और रक्षा मंत्रालय के मीडिया विभाग की डायरेक्टर के रूप में भी काम किया।

साल 2019 से वह राष्ट्रपति के टेली-रेडियो कॉम्प्लेक्स की प्रमुख हैं। यही वजह है कि उन्हें कजाखिस्तान के स्टेट मीडिया सिस्टम की सबसे ताकतवर महिलाओं में शुमार किया जाता है।

https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-who-is-raushan-kazhibaeva-kazakhstan-media-chief-in-spotlight-infront-of-putin-when-praise-pm-modi-10542532.html