हमले से दहल उठा मुवफ्फक साल्टी एयरबेस
ईरान ने शनिवार को जॉर्डन स्थित मुवफ्फक साल्टी एयरबेस को निशाना बनाकर एक बड़ा हमला किया है। इस सैन्य कार्रवाई में अमेरिका को बड़ा झटका लगा है, जहां दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अभी भी एक सैनिक लापता है। ईरान ने इस हमले के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी मिसाइल ने सीधे उस क्षेत्र पर प्रहार किया जहां सैनिक विश्राम कर रहे थे। बेस का यह हिस्सा सबसे अधिक सुरक्षित और संवेदनशील माना जाता है, जिससे वहां सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
एयर डिफेंस सिस्टम नाकाम, भारी नुकसान
ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए तैनात अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें हवा में ही नष्ट करने का भरसक प्रयास किया, लेकिन ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल सुरक्षा घेरे को भेदने में सफल रही। यह मिसाइल सीधे एयरबेस पर बने कंटेनर हाउस से जा टकराई, जिससे वहां मौजूद सैनिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस घातक हमले के बाद कुल चार सैनिकों को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लापता सैनिक की तलाश की जा रही है।
https://www.indiatv.in/world/asia/iran-attacks-jordan-muwaffaq-salti-air-base-two-us-soldiers-killed-several-injured-2026-07-19-1232035