बिहार के पर्यटन क्षेत्र में शनिवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में बहुप्रतीक्षित हेली-पर्यटन सेवा का विधिवत उद्घाटन किया। पटना हवाई अड्डे से पहली हेलीकॉप्टर पर्यटन उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में हवाई पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से तैयार किए गए आधुनिक राज्य हैंगर का भी लोकार्पण किया। यह पूरी परियोजना कैबिनेट द्वारा जून 2026 में स्वीकृत की गई 'बिहार हेली-पर्यटन एवं हवाई पर्यटन सेवा योजना-2026' के तहत धरातल पर उतारी गई है।
बिहार में हवाई पर्यटन का नया सवेरा
इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के आम नागरिकों को बेहद सस्ती और सुलभ हवाई यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। इसके साथ ही बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक कनेक्टिविटी को तेज और आसान बनाना है ताकि देश-विदेश के सैलानी बिना किसी असुविधा के इन स्थानों तक पहुंच सकें। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट से कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) कोर्स पूरा करने वाले चार होनहार प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने सभी सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र और पायलट बैच प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त की प्रसन्नता
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत पर्यटकों को टिकट सौंपकर 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ किया गया। साथ ही पटना एयरपोर्ट परिसर में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित स्टेट हैंगर का उद्घाटन भी संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने आगे विश्वास व्यक्त किया कि यह कदम बिहार को विमानन और पर्यटन के मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान देगा। इससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा बल्कि राज्य में निवेश, रोजगार और चौतरफा विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।
मात्र 2,100 रुपये में आसमान से देखें पटना
बिहार सरकार ने इस सेवा को आम लोगों की जेब के अनुकूल रखने का प्रयास किया है। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किरायों की सूची साझा करते हुए बताया कि आम पर्यटक भी अब आसमान से अपनी पसंदीदा जगहों का दीदार कर सकेंगे। विभिन्न रूटों का किराया इस प्रकार तय किया गया है:
- पटना स्काईलाइन (जॉय राइड): मात्र 2,100 रुपये में सैलानी 10 मिनट तक पटना शहर की खूबसूरती को आसमान से निहार सकेंगे।
- मां मुंडेश्वरी मंदिर (कैमूर): पटना से मां मुंडेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए प्रति यात्री किराया 6,000 रुपये तय किया गया है।
- वाल्मीकि नगर: वन्यजीव प्रेमियों के लिए पटना से वाल्मीकि नगर की हेलीकॉप्टर सेवा का किराया 5,000 रुपये होगा।
- राजगीर: ऐतिहासिक नगरी राजगीर की यात्रा के लिए सैलानियों को 4,000 रुपये का भुगतान करना होगा।
पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में मांग और आवश्यकता को देखते हुए इस हवाई पर्यटन नेटवर्क का चरणबद्ध तरीके से और अधिक विस्तार किया जाएगा ताकि राज्य के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को भी इसमें जोड़ा जा सके।
पहली उड़ान में पांच यात्रियों ने भरा दम
इस योजना के उद्घाटन के साथ ही पहली आधिकारिक उड़ान का संचालन भी किया गया। पहली उड़ान में दो महिला यात्रियों सहित कुल पांच लोगों को आसमान की सैर करने का रोमांचक अनुभव प्राप्त हुआ। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पर्यटन मंत्री ने इसे बिहार के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में बिहार का पर्यटन क्षेत्र अब नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेवा के शुरू होने से दुनिया भर के पर्यटक बिहार की ओर आकर्षित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
https://www.indiatv.in/bihar/bihar-heli-tourism-service-launched-cm-samrat-chaudhary-patna-2026-07-18-1232019