पटना कोचिंग फायरिंग कांड: खान सर की तलाश में जुटी पुलिस, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

पटना के कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। खान सर का दावा है कि गोलीबारी सेल्फ डिफेंस में की गई थी और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

पटना में हाल ही में खान सर की कोचिंग के बाहर हुई कथित गोलीबारी के मामले में पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह कार्रवाई उनकी कोचिंग से जुड़ा फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद की गई है। दूसरी ओर, खान सर का कहना है कि गोलीबारी आत्मरक्षा यानी सेल्फ डिफेंस में की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि एफआईआर की उन्हें कोई जानकारी नहीं है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। खान सर के मुताबिक, गार्डों ने सेल्फ डिफेंस में फायरिंग की है और इस पूरे मामले को उनकी एजेंसी देखेगी।

मिली जानकारी के अनुसार, कोचिंग परिसर में हुई फायरिंग और हंगामे, वायरल वीडियो तथा जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पूरे घटनाक्रम के उजागर होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस इस पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान किसकी क्या भूमिका रही।

जानिए पूरा मामला क्या है

पटना के कदमकुआं इलाके में स्थित एक कोचिंग परिसर में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद का एक बैनर लगाया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने उस पोस्टर को फाड़ दिया। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा।

इसके बाद खान सर के खान ग्लोबल स्टडीज कैंपस में ईंट-पत्थर फेंके जाने, होर्डिंग तोड़े जाने और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की घटना सामने आई। इस मारपीट में घायल हुए गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद खान सर ने सार्वजनिक तौर पर दावा किया कि उनके संस्थान के बाहर कई राउंड फायरिंग की गई थी।

खान सर के इस बयान के बाद मामला और गरमा गया तथा छात्रों में दहशत फैल गई। हालांकि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पटना पुलिस ने कहा कि अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को भी हिरासत में लिया गया है और अब खान सर की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

https://www.indiatv.in/bihar/patna-coaching-firing-case-murder-fir-registered-against-khan-sir-police-searching-2026-06-05-1223193