दिल्ली के वसुंधरा एनक्लेव में एक महिला प्रोफेसर की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जांच में सामने आया है कि मृतक प्रोफेसर के घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जबकि उनका शव फ्लैट के अंदर मिला। इससे स्पष्ट होता है कि हत्यारे ने वारदात को अंजाम देने के बाद फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद किया और फिर बिना किसी रुकावट के सोसायटी से निकल गया।
महिला का शव घर के ड्राइंग रूम में पड़ा मिला। फ्लैट में दो कमरे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया, जिसके चलते प्रोफेसर की मौत हुई। फ्लैट के बाहर बीते कल सुबह का अखबार पड़ा हुआ था, जिससे साफ है कि हत्या उससे पहले ही की जा चुकी थी।
पुलिस के हाथ लगे कई अहम सुराग
महिला प्रोफेसर हर सुबह कॉलेज जाती थीं, लेकिन बीते दो दिनों से वे कॉलेज नहीं गई थीं। दो दिन पहले वे घर से खरीदारी करने निकली थीं। उनके मोबाइल फोन की लोकेशन भी घर के अंदर की ही मिली है और फोन भी घर से ही बरामद हुआ है। घर में लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। प्रोफेसर अकसर ऑनलाइन खरीदारी करती थीं और खाना भी ज्यादातर ऑनलाइन ही मंगवाती थीं।
पुलिस को दिए बयान में परिवार ने बताया कि महिला ने अपनी मृत्यु से कुछ घंटे पहले अपनी मां को दवाइयां भेजी थीं। उसी कॉलेज में काम करने वाले एक सहकर्मी के मुताबिक, गुरुवार को प्रोफेसर का प्रमोशन के लिए इंटरव्यू भी तय था, लेकिन वे उसमें शामिल नहीं हुईं।
फ्रेंडली एंट्री की आशंका
फ्लैट के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घर में किसी परिचित की एंट्री हुई, इसके बाद हत्यारे ने महिला की हत्या की और बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गया। पुलिस उन ऑनलाइन डिलीवरी बॉय की भी छानबीन कर रही है, जिन्होंने हाल के दिनों में महिला के घर खाना या अन्य सामान पहुंचाया था।
ड्राइवर ने बहन को दी जानकारी
महिला प्रोफेसर के ड्राइवर ने बीते कल सुबह रोज की तरह उन्हें कॉलेज ले जाने के लिए फोन किया, लेकिन कॉल नहीं उठी और फिर फोन लगना ही बंद हो गया। इसके बाद ड्राइवर ने प्रोफेसर की बहन को इसकी सूचना दी। बहन सोसायटी पहुंचीं और मेंटेनेंस टीम के साथ मिलकर ताला तुड़वाया। उसी समय पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई।
बताया जा रहा है कि महिला किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थीं और मूल रूप से बंगाल की रहने वाली थीं। उनका अपने पति से विवाद चल रहा था और वे अकेली ही रहती थीं। प्रोफेसर के पति बेंगलुरु में रहते हैं।
https://www.indiatv.in/delhi/big-reveal-in-delhi-professor-murder-case-killer-locked-flat-door-after-killing-then-fled-2026-06-05-1223161