राजस्थान के कोटा शहर के अल्ट्रा एंड्योरेंस साइक्लिस्ट नितिन सैनी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने जा रहे हैं। वे 7 जून से अमेरिका में आयोजित होने वाली नामचीन 'ट्रांस एएम बाइक रेस' में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि न सिर्फ नितिन के लिए बल्कि पूरे कोटा के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।
क्या है ट्रांस एएम बाइक रेस
ट्रांस एएम बाइक रेस को दुनिया की सबसे कठिन और सेल्फ-सपोर्टेड साइक्लिंग प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है। इसकी कुल दूरी 6,000 किलोमीटर है, जिसे पूरा करना अपने आप में किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है।
इस रेस की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि प्रतिभागियों को रास्ते में किसी तरह की बाहरी मदद नहीं मिलती। खाने-पीने से लेकर साइकिल की मरम्मत तक की हर व्यवस्था खिलाड़ी को खुद ही करनी पड़ती है। यही वजह है कि इसमें शारीरिक दमखम के साथ-साथ मानसिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की भी कड़ी परीक्षा होती है।
पहले भी कर चुके हैं बड़ी चुनौती पूरी
नितिन सैनी के लिए लंबी दूरी की कठिन रेस कोई नई बात नहीं है। इससे पहले वे यूरोप की कठिन मानी जाने वाली नॉर्थकप-4000 चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं। इसी अनुभव और हौसले के दम पर वे अब अमेरिका की इस महाचुनौती में उतरने जा रहे हैं।
कोटा से मिल रहीं शुभकामनाएं
नितिन के इस ऐतिहासिक सफर को लेकर कोटा के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। शहर के लोगों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए ढेरों बधाइयां दी हैं और सफलता की कामना की है।
https://hindi.news18.com/news/sports/others-meet-kota-cyclist-nitin-saini-represent-india-trans-am-bike-6000-km-race-in-usa-local18-10541396.html