नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड टूटा, श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे ने डायमंड लीग डेब्यू पर रचा इतिहास

श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे ने रोम में डायमंड लीग डेब्यू पर 92.62 मीटर भाला फेंककर नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ दिया और नंबर एक एशियाई जैवलिन थ्रोअर बन गए।

भारत को ओलंपिक स्वर्ण दिलाने वाले नीरज चोपड़ा का जैवलिन थ्रो में दबदबा अब चुनौतियों से घिरता दिख रहा है। पहले पाकिस्तान के अरशद नदीम ने उनका आंकड़ा पार किया और अब श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे ने रोम में 92.62 मीटर का थ्रो फेंककर नीरज को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है।

डेब्यू पर ही इतिहास रच दिया

रुमेश थरंगा पथिराजे ने 4 जून को रोम में डायमंड लीग में पदार्पण करते हुए कमाल कर दिया। उन्होंने भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए नंबर एक एशियाई जैवलिन थ्रोअर का दर्जा हासिल कर लिया। उनकी दूसरी थ्रो 92.62 मीटर रही, जो एशियाई भाला फेंक खिलाड़ियों के इतिहास की दूसरी सबसे लंबी दूरी है।

रोम के गोल्डन गाला पिएत्रो मेनिया में उनके इस प्रदर्शन ने दर्शकों को हैरान कर दिया। पहली कोशिश में उन्होंने 84.49 मीटर भाला फेंका था और दूसरी बार में 8 मीटर से भी ज्यादा की छलांग लगाते हुए 92.62 मीटर तक पहुंच गए।

नीरज और चेंग से आगे निकले

पथिराजे ने भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा (90.23 मीटर) और चीनी ताइपे के चेंग चाओ-त्सुन (91.36 मीटर) को पीछे छोड़ा। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियाई एथलीटों की सर्वकालिक सूची में दूसरा स्थान पा लिया। इस सूची में पहला स्थान पाकिस्तान के अरशद नदीम के नाम है, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में 92.97 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता था।

20 साल पुराना मीट रिकॉर्ड भी ध्वस्त

4 जून को 90 मीटर का आंकड़ा पार करने से पहले पथिराजे मार्च में एक घरेलू प्रतियोगिता में इस जादुई आंकड़े के करीब पहुंच चुके थे, जहां उन्होंने 89.37 मीटर की थ्रो दर्ज की थी। 23 साल के इस एथलीट ने नॉर्वे के एंड्रियास थॉर्किल्डसन का 90.34 मीटर का 20 साल पुराना मीट रिकॉर्ड भी तोड़ डाला।

प्रतियोगिता के बाद पथिराजे ने कहा, “रोम में मौसम अच्छा रहा, जिसकी वजह से मुझे पिछली प्रतियोगिता के मुकाबले और दूर तक भाला फेंकने में मदद मिली। आज जीतना श्रीलंका के किसी त्योहार जैसा महसूस हो रहा है।”

विजेता और उपविजेता के बीच बड़ा फासला

रोम में डायमंड लीग के विजेता और उपविजेता के बीच काफी बड़ा अंतर देखने को मिला। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने पांचवें राउंड में 83.91 मीटर की थ्रो फेंकी, जबकि अमेरिकी ओलंपियन कर्टिस थॉम्पसन 83.89 मीटर के साथ उनके पीछे रहे।

सचिन यादव का डेब्यू फीका

नीरज की गैरमौजूदगी में सचिन यादव ने डायमंड लीग में पदार्पण किया। 26 साल के सचिन की सर्वश्रेष्ठ थ्रो दूसरी कोशिश में 79.18 मीटर रही और वे इस इवेंट में आठवें स्थान पर रहे। माना जा रहा है कि नीरज दोहा डायमंड लीग में वापसी कर सकते हैं, जहां उन्होंने पिछली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था।

https://hindi.news18.com/news/sports/others-sri-lanka-rumesh-tharanga-pathirage-breaks-neeraj-chopra-records-created-history-in-diamond-league-debut-in-rome-10541780.html