मिडिल ईस्ट में फिर भड़की हिंसा
मध्य पूर्व के तनावपूर्ण हालात एक बार फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम खत्म होने के साथ ही दोनों देशों की ओर से एक दूसरे के ठिकानों पर सैन्य हमले दोबारा शुरू हो गए हैं। इस तनाव का सीधा असर सामरिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर दिखाई दे रहा है। ताजा घटनाक्रम में ईरान ने तेल टैंकरों को अपना निशाना बनाया है, जिसमें एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत की पुष्टि हुई है। संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की जानकारी साझा की है।
हमले का शिकार हुए दो टैंकर
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक बयान में बताया है कि ईरानी क्रूज मिसाइलों ने उनके जहाजों को निशाना बनाकर हमला किया। हमले की यह घटना ओमान के समुद्री इलाके में दक्षिणी लेन से गुजर रहे दो टैंकरों मोम्बासा और बाहिया के साथ हुई। मंत्रालय के अनुसार, साउथ चैनल में हुई इस गोलाबारी में मोम्बासा पर सवार चालक दल के एक भारतीय सदस्य ने दम तोड़ दिया।
घायलों में भारतीय और यूक्रेनी नागरिक शामिल
इस हमले में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। रक्षा मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। युद्ध जैसी स्थिति के कारण समुद्री मार्गों पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है और इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
https://www.indiatv.in/world/asia/iranian-cruise-missiles-hits-uae-oil-tankers-indian-crew-member-killed-8-injured-in-strait-of-hormuz-2026-07-14-1230998