चिकन बनाम पोर्क: प्रोटीन की ज्यादा मात्रा किसमें मिलती है, जानें पूरा सच

डाइटिशियन्स के अनुसार चिकन ब्रेस्ट में पोर्क की तुलना में थोड़ा ज्यादा प्रोटीन होता है। जानिए दोनों में से सेहत के लिहाज से कौन-सा विकल्प बेहतर है।

बीते कुछ सालों में लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से कहीं ज्यादा सजग हो गए हैं। फिट और तंदुरुस्त बने रहने के लिए वे अपनी जीवनशैली में कई अहम बदलाव कर रहे हैं और अपने प्रोटीन इनटेक पर खास ध्यान दे रहे हैं। नॉन-वेज खाने के शौकीन लोग चिकन और पोर्क को प्रोटीन का बढ़िया स्रोत मानते हैं। जिम जाने वाले अधिकतर लोग जहां चिकन खाना पसंद करते हैं, वहीं कई लोग पोर्क को तरजीह देते हैं। ऐसे में एक सवाल अक्सर मन में उठता है कि आखिर चिकन और पोर्क में से किसमें सबसे ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है। अगर आप भी इसका जवाब तलाश रहे हैं, तो यह जानकारी आपके काम की है।

चिकन या पोर्क, किसमें ज्यादा प्रोटीन?

डाइटिशियन्स के मुताबिक चिकन ब्रेस्ट में करीब 30 से 31 ग्राम प्रोटीन मौजूद होता है, जबकि 100 ग्राम पोर्क में लगभग 25 से 27 ग्राम प्रोटीन हो सकता है। इस लिहाज से देखें तो चिकन में, खासकर चिकन ब्रेस्ट में, प्रोटीन की मात्रा थोड़ी ज्यादा रहती है। यही वजह है कि चिकन ब्रेस्ट को "लीन प्रोटीन" का राजा कहा जाता है। इसका मतलब है कि इससे कम कैलोरी और कम फैट के साथ अधिक से अधिक प्रोटीन हासिल होता है। इसी कारण बॉडीबिल्डर्स और वजन घटाने वाले लोग चिकन ब्रेस्ट खाना ज्यादा पसंद करते हैं।

दूसरी ओर, पोर्क में चिकन की तुलना में प्रोटीन भले थोड़ा कम होता है, लेकिन यह भी शरीर को भरपूर पोषण देता है। पोर्क में थायमिन यानी विटामिन B1 की मात्रा चिकन की तुलना में काफी अधिक होती है, जो शरीर को ऊर्जा देने और नर्वस सिस्टम को दुरुस्त रखने के लिए जरूरी मानी जाती है।

क्या खाना चाहिए?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार अगर आप वजन कम करना चाहते हैं या कम फैट के साथ मसल्स बनाना चाहते हैं, तो चिकन का सेवन आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि इसका पूरा लाभ तभी मिलेगा जब आप इसे डीप फ्राई करने के बजाय ग्रिल, बेक या उबालकर खाएंगे। प्रोटीन के नजरिए से चिकन और पोर्क, दोनों ही बेहतरीन विकल्प हैं, लेकिन फिटनेस के प्रति सजग लोग शरीर को जरूरी पोषण देने के लिए ज्यादातर चिकन ब्रेस्ट को ही चुनते हैं।

https://www.indiatv.in/health/chicken-or-pork-which-has-the-most-protein-2026-06-05-1223142