वैशाली में शराब तस्करी का अनोखा तरीका बेनकाब: ट्रक में जीरा पानी की आड़ में छिपाई थी 6132 लीटर शराब

बिहार के वैशाली में पुलिस ने एक बड़े तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जहां जीरा पानी की बोतलों के नीचे छिपाकर लाई जा रही 60 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की गई है।

जीरा पानी की आड़ में शराब का खेल

बिहार में शराबबंदी के कड़े नियमों के बावजूद तस्कर तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला वैशाली जिले का है, जहां पुलिस ने 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सदर थाना क्षेत्र में पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने एक ट्रक को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर हैरान करने वाला खुलासा हुआ। ट्रक में ऊपर की तरफ जीरा पानी की बोतलें सजाकर रखी गई थीं, ताकि किसी को शक न हो, लेकिन उसके नीचे भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाई गई थी।

60 लाख की अवैध खेप बरामद

उत्पाद विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस जब्ती में कुल 6132 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। बाजार में इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त की गई खेप में विभिन्न ब्रांड और मात्रा की बोतलें शामिल हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:

  • 96.000 लीटर किंगफिशर बीयर (8 कार्टन)
  • 108 लीटर विदेशी शराब (375 एमएल की बोतलों के 12 कार्टन)
  • 120 से ज्यादा लीटर विदेशी शराब (180 एमएल की बोतलों के 14 कार्टन)
  • 36 लीटर विदेशी शराब (375 एमएल की बोतलों के 4 कार्टन)
  • 43 से ज्यादा लीटर व्हिस्की (180 एमएल की बोतलों के 5 कार्टन)

दो माफियाओं पर दर्ज हुआ मुकदमा

वैशाली के एसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार होने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर लिया है। जांच में जिले के दो बड़े शराब माफियाओं, विपिन सिंह और पंकज ठाकुर के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने इस बड़ी खेप को मंगवाया था। पुलिस ने इन दोनों माफियाओं के साथ-साथ ट्रक के फरार चालक और खलासी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वर्तमान में इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। यह पहली बार नहीं है जब वैशाली पुलिस ने इस तरह की तस्करी को रोका है। इससे पहले बलिगांव थाना क्षेत्र के अगरेल खुर्द गांव में भी उत्पाद विभाग ने 404 लीटर विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप पकड़ी थी, जिसके बाद अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसका मुख्य गंतव्य कहां था।

https://www.indiatv.in/bihar/bihar-vaishali-6-132-liters-foreign-liquor-seized-in-trucktwo-big-liquor-mafia-involved-2026-07-10-1230333