कार के मालिक ने किए कई बड़े खुलासे
गुरुग्राम में हाल ही में दीपक नांदल गैंग के बदमाशों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस एनकाउंटर में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को लेकर अब एक चौंकाने वाला सच सामने आया है। गाड़ी के पहले मालिक ने बताया कि उन्होंने यह वाहन साल 2022 में खरीदा था, लेकिन करीब 3 साल पहले उन्होंने इसे गुरुग्राम के ही एक कार डीलर को बेच दिया था। इसके बाद यह गाड़ी आगे बढ़ती गई और कई हाथों से गुजरी।
कैसे रेंट पर बदमाशों तक पहुंची गाड़ी
जांच में सामने आया है कि गुरुग्राम के कार डीलर बाबूलाल को कार बेचने के बाद, उन्होंने इसे रोहतक के निवासी पवन भारद्वाज को बेच दिया था। पवन भारद्वाज का काम गाड़ियों को किराये यानी रेंट पर देने का है। बदमाशों ने इसी पवन भारद्वाज से रेंट पर यह स्कॉर्पियो ली थी। गौर करने वाली बात यह है कि इस गाड़ी का करीब 10 से 12 दिन पहले रोहतक में एक एक्सीडेंट भी हुआ था, जिसके निशान अभी भी गाड़ी पर मौजूद हैं।
कारोबारी के घर पर मचाया था आतंक
जिस वक्त क्राइम ब्रांच की टीम ने सुशांत लोक इलाके में घेराबंदी की, उस समय ये बदमाश एक स्थानीय व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस कारोबारी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर द्वारा लगातार फिरौती के लिए धमकियां और संदेश मिल रहे थे।
पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाशों की मौत
क्राइम ब्रांच की टीम ने जब अपराधियों को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया, तो उन्होंने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर ही गोलियां चला दीं और मौके से फरार होने की फिराक में थे। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी फायरिंग की, जिसमें सभी 5 शूटर्स घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को एक निजी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 बदमाशों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अपराधी का इलाज अभी जारी है।
तीन पुलिसकर्मी भी जख्मी
इस भीषण मुठभेड़ में गुरुग्राम पुलिस के 3 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर बारीक नजर रखे हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम के DCP क्राइम और DCP ईस्ट ने तुरंत मौके का मुआयना किया। एफएसएल की टीम और अन्य जांच एजेंसियों ने देर रात तक घटनास्थल से नमूने लिए। पुलिस ने मौके से 2 पिस्टल बरामद की हैं और फिलहाल मारे गए अपराधियों की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है।
https://www.indiatv.in/haryana/gurugram-police-encounter-deepak-nandal-gang-four-members-killed-car-first-owner-revelations-2026-07-10-1230323