दिल दहला देने वाली घटना
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और क्रूर घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की सरेआम हत्या कर दी। आरोपी पति ने अपनी पत्नी की जान लेने से पहले अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक संदेश पोस्ट किया था, जिससे उसकी नीयत साफ जाहिर हो रही थी। यह पूरी वारदात हातकणंगले तहसील के अंतर्गत आने वाले पेठवाडगांव इलाके में हुई, जहां बाजार के बीचों-बीच पति ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया।
लव मैरिज का दुखद अंत
मृतक महिला की पहचान 29 वर्षीय अमृता दीपक कांबले के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सावरदे की रहने वाली थी। आरोपी पति दीपक कांबले ने अमृता के साथ आज से करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। इस शादी से दंपति की दो बेटियां भी हैं। हालांकि, वर्षों पुराने इस रिश्ते का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
चरित्र पर शक बना हत्या की वजह
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दीपक पिछले काफी समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह कर रहा था। बुधवार को जब उसे पता चला कि अमृता पेठवडगांव गई हुई है, तो वह वहां पहुंच गया। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद दीपक ने अपने साथ लाए एक धारदार हथियार यानी दरांती से अमृता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उसने किसी की एक न सुनी और हमला जारी रखा। अमृता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी की गिरफ्तारी
घटना को अंजाम देने के बाद दीपक ने खून से सना हथियार पास के पानी में फेंक दिया और वहां से भागने की कोशिश की। हालांकि, पेठवडगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर गोरख चौधरी के नेतृत्व में पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस सब-इंस्पेक्टर प्रियंका खाडे, हवलदार अबासाहेब पाटिल और श्रीकांत दाभोलकर ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए।
अस्पताल भेजा गया शव
पुलिस के अनुसार, अमृता के शरीर पर, विशेषकर चेहरे और गर्दन के हिस्से में धारदार हथियार के गहरे घाव के कई निशान पाए गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेजा गया है। इंस्पेक्टर गोरख चौधरी ने जानकारी दी कि वारदात के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटना से जुड़े सभी सबूतों को सुरक्षित कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है।
https://www.indiatv.in/crime/kolhapur-husband-posted-whatsapp-status-then-murdered-his-wife-in-crowded-market-they-had-love-marriage-10-years-ago-2026-07-09-1230296