बैंक्वेट हॉल में कब्जा करने को लेकर बढ़ा विवाद
पूर्वी दिल्ली का मधु विहार इलाका गुरुवार की शाम अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठा। यहां स्थित शुभम बैंक्वेट हॉल को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले चुका है। आरोप है कि करीब 10 से 15 बदमाशों ने बैंक्वेट हॉल के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। इस फायरिंग की चपेट में आने से एक महिला के पैर में गोली लगी है, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के वक्त वहां मौजूद अन्य महिलाओं में भी डर का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दिन में पुलिस की मौजूदगी के बाद भी नहीं टली वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, यह बैंक्वेट हॉल सुरेंद्र डे का है, जिसे आजाद चौधरी पिछले 7 सालों से लीज पर लेकर संचालित कर रहे हैं। इस संपत्ति पर कब्जा करने की मंशा से विक्की डेढ़ा और गौरव अपने साथियों के साथ दोपहर करीब 2 बजे वहां पहुंचे थे। उस समय उन लोगों ने बैंक्वेट हॉल में ताला जड़ने का प्रयास किया था। विवाद बढ़ने पर आजाद चौधरी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला एक बार के लिए शांत हो गया था, लेकिन शाम होते ही स्थिति फिर बिगड़ गई। शाम करीब 6 बजे वही युवक अपनी गाड़ियों में दोबारा वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
घटनास्थल पर मौजूद थे चश्मदीद
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बदमाशों ने मौके पर करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय वहां एक पुलिस कर्मी भी मौजूद था, जिसके सामने ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना ने स्थानीय लोगों को सहमा दिया है। फिलहाल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल का जायजा ले चुके हैं और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपियों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने का साहस किया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
https://www.indiatv.in/delhi/delhi-madhu-vihar-firing-news-woman-injured-open-fire-at-banquet-hall-amid-property-dispute-2026-07-09-1230285