राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे से पारिवारिक रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही जन्म देने वाली मां की बेरहमी से हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना नवलगढ़ के कृषि उपज मंडी क्षेत्र के सामने स्थित एक मकान में घटित हुई, जहां आरोपी ने अपनी मां को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।
कहासुनी के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात का शिकार हुई महिला की पहचान प्रभाती देवी के रूप में हुई है। आरोपी बेटा राजवीर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कार्यरत है। देर रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर राजवीर ने अपनी मां पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के समय घर में केवल मां और बेटा ही मौजूद थे।
बहन को फोन कर दी हत्या की जानकारी
मां की हत्या करने के बाद आरोपी बेटे ने खुद अपनी बहन को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी। बहन को वारदात के बारे में बताते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके तुरंत बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजवीर को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया है और सबूत इकट्ठा करने के लिए FSL तथा MOB टीमों की मदद ली जा रही है।
https://hindi.news18.com/news/crime/jhunjhunu-nawalgarh-son-killed-mother-with-knife-pwd-employee-murder-case-police-investigation-ws-l-10641404.html