ओडिशा मतदाता सूची: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से गायब हुए 20 लाख से अधिक नाम, जानिए अपना नाम जांचने और आपत्ति दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया

ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के बाद नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है, जिसमें मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट आई है। चुनाव आयोग ने साफ किया है कि मतदाता 4 अगस्त 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

ओडिशा में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के आंकड़े सामने आ चुके हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट ने सबको हैरान कर दिया है, क्योंकि इसमें मतदाताओं की कुल संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जहां पहले राज्य में कुल 3 करोड़ 33 लाख 99 हजार 591 पंजीकृत मतदाता थे, वहीं अब प्रकाशित की गई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में यह आंकड़ा घटकर 3 करोड़ 13 लाख 87 हजार 34 रह गया है। इस प्रकार पहली नजर में करीब 20.12 लाख नाम वोटर लिस्ट से गायब दिख रहे हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों के नाम इस सूची में नहीं हैं, उन्हें स्थायी रूप से हटाया नहीं गया है और उनके पास अभी भी अपना नाम जोड़ने का मौका है।

30 मई से 28 जून 2026 तक चला था विशेष अभियान

निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा में मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करने के लिए 30 मई से 28 जून 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया गया था। इस अभियान के दौरान राज्य के 93.97 प्रतिशत यानी 3 करोड़ 13 लाख 87 हजार 34 मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म भरकर जमा कराए थे। इसी आधार पर फिलहाल ड्राफ्ट वोटर लिस्ट तैयार की गई है और यही संख्या इसमें दिखाई दे रही है।

आखिर क्यों कटे 20 लाख लोगों के नाम?

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में जिन करीब 20 लाख लोगों के नाम शामिल नहीं हो पाए हैं, उसके पीछे चुनाव आयोग ने कई प्रशासनिक और तकनीकी कारण बताए हैं। आयोग के अनुसार, इस श्रेणी में निम्नलिखित लोग शामिल हैं:

  • ऐसे मतदाता जो अब दूसरे राज्यों में जाकर वहां के पंजीकृत वोटर बन चुके हैं।
  • ऐसे नागरिक जिनकी मृत्यु हो चुकी है लेकिन उनका नाम पुरानी सूची में दर्ज था।
  • वे लोग जो सत्यापन के दौरान अपने दिए गए पते पर नहीं मिले।
  • ऐसे मतदाता जिन्होंने तय समय सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया।
  • वे लोग जो किसी भी कारणवश अब मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण जारी नहीं रखना चाहते हैं।
  • इसके अलावा, कई मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए हैं। ऐसे मामलों को दुरुस्त किया जा रहा है और अंतिम सूची में उनका नाम केवल एक ही वैध स्थान पर रखा जाएगा।

4 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका

चुनाव आयोग ने जनता को आश्वस्त किया है कि यदि किसी योग्य नागरिक का नाम इस नई ड्राफ्ट सूची में छूट गया है, तो उन्हें बिल्कुल भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 4 अगस्त 2026 तक का समय दिया है। इस अवधि के दौरान कोई भी प्रभावित व्यक्ति फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन के साथ नागरिक को सभी आवश्यक दस्तावेज और एक स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा।

इस तरह चेक करें ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम

ओडिशा का कोई भी नागरिक बेहद आसान तरीकों से यह जांच सकता है कि उसका नाम नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल है या नहीं। इसके लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यमों जैसे ECINET मोबाइल ऐप, वोटर्स पोर्टल और ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट का भी उपयोग किया जा सकता है। पोर्टल के माध्यम से जांच करने के चरण इस प्रकार हैं:

  • सबसे पहले आधिकारिक वोटर्स सर्विस पोर्टल पर जाएं।
  • इसके बाद होमपेज पर दिए गए विकल्प में अपना EPIC Number दर्ज करें।
  • अब ड्रॉप-डाउन मेनू में जाकर अपने राज्य के रूप में ओडिशा का चयन करें।
  • इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई दे रहा कैप्चा कोड दर्ज करें और Search बटन पर क्लिक कर दें। आपकी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।

बिना नोटिस के नहीं कटेगा किसी का नाम, कर सकते हैं अपील

चुनाव आयोग ने पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना पूर्व सूचना या उचित कानूनी प्रक्रिया के अंतिम रूप से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हटाने का प्रस्ताव आता है, तो संबंधित अधिकारी द्वारा पहले नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद बाकायदा सुनवाई की जाएगी और तभी कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा। यदि कोई नागरिक इस फैसले से असंतुष्ट नहीं होता है, तो वह पहले जिला कलेक्टर के समक्ष और उसके बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास अपनी अपील दायर कर सकता है।

6 सितंबर 2026 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

इस व्यापक अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए ओडिशा के सभी 30 जिलों में बड़े पैमाने पर काम किया गया। इस कार्य में चुनाव अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, स्वयंसेवकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों ने मिलकर जमीन पर पसीना बहाया। आयोग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध हो, जिसमें हर पात्र नागरिक का नाम हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति इसमें शामिल न रह सके। अब सभी की निगाहें 4 अगस्त तक चलने वाली आपत्ति प्रक्रिया पर हैं, जिसके बाद जांच पूरी होने पर 6 सितंबर 2026 को ओडिशा की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

https://www.indiatv.in/india/national/odisha-sir-draft-voter-list-release-over-20-lakh-names-removed-claims-objections-till-august-4-2026-07-05-1229293