रोनाल्डो ने तोड़ा नॉकआउट मैचों का तिलिस्म
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की टीम ने अपनी धाक जमाते हुए राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। तीन जुलाई की सुबह क्रोएशिया के खिलाफ खेले गए रोमांचक राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में पुर्तगाल ने 2-1 से जीत हासिल की। इस मैच में फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी और पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। उन्होंने बेहद दबाव भरे क्षण में पेनल्टी के जरिए गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की और अपने नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली। यह पहली बार था जब रोनाल्डो ने अपने शानदार करियर में विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में गोल किया हो।
सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने रोनाल्डो
अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर खेल रहे क्रिस्टियानो रोनाल्डो का लक्ष्य हर हाल में टीम को विश्व चैंपियन बनाना है। इस टूर्नामेंट में अब तक रोनाल्डो कुल 3 गोल कर चुके हैं। गौरतलब है कि इससे पहले उज्बेकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच के दौरान उन्होंने 2 गोल किए थे। नॉकआउट चरण में गोल न कर पाने का सूखा खत्म करते हुए रोनाल्डो ने क्रोएशिया के खिलाफ मैच के 68वें मिनट में पेनल्टी किक को गोल में तब्दील किया। इस उपलब्धि के साथ ही रोनाल्डो 41 साल 147 दिन की उम्र में विश्व कप नॉकआउट मुकाबले में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पुर्तगाल के ही पूर्व खिलाड़ी पेपे का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जिन्होंने 2022 के विश्व कप में स्विट्जरलैंड के विरुद्ध 39 साल 283 दिन की उम्र में नॉकआउट गोल किया था।
अगली चुनौती स्पेन से मुकाबला
क्रोएशिया के खिलाफ किए गए इस गोल के साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम विश्व कप टूर्नामेंट में कुल 11 गोल हो गए हैं। अब पुर्तगाल की टीम के सामने राउंड ऑफ 16 में एक बेहद मजबूत टीम स्पेन की चुनौती खड़ी है। स्पेन का इस टूर्नामेंट में सफर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से धूल चटाकर अगले दौर में प्रवेश किया है। स्पेन की रक्षा पंक्ति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अभी तक पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने एक भी गोल नहीं खाया है। ऐसे में पुर्तगाल और रोनाल्डो के लिए स्पेन के खिलाफ अगला मैच काफी चुनौतीपूर्ण साबित होने वाला है।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/cristiano-ronaldo-scored-his-first-ever-fifa-world-cup-knockout-stage-goal-and-becoming-the-oldest-goal-scorer-in-world-cup-knockout-stage-history-2026-07-03-1228851