आधी रात गटर से बाहर निकलते रहस्यमयी लोग, CCTV में कैद हुए न्यूयॉर्क के 'मैनहोल क्रीपर्स'

न्यूयॉर्क के क्वींस और ब्रुकलिन में आधी रात को मैनहोल खोलकर सीवर में घुसते और बाहर निकलते लोगों की CCTV फुटेज सामने आई है। पुलिस अब तक इनकी पहचान और मकसद का पता नहीं लगा पाई है।

कल्पना कीजिए कि आधी रात के सन्नाटे में आप किसी सुनसान सड़क से गुजर रहे हों और अचानक आपके सामने गटर का भारी ढक्कन धीरे-धीरे सरकने लगे। फिर उसमें से एक के बाद एक कई अजनबी बाहर आएं और चुपचाप अंधेरे में खो जाएं। यह किसी डरावनी फिल्म का दृश्य नहीं, बल्कि अमेरिका के सबसे चकाचौंध भरे शहर न्यूयॉर्क की हकीकत है। आधी रात को सीवर के भीतर घुसते और जमीन के नीचे की दुनिया से बाहर निकलते इन लोगों के कई सीसीटीवी वीडियो सामने आ चुके हैं, जिन्होंने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर इन्हें 'मैनहोल क्रीपर्स' का नाम दिया गया है, मगर बदबूदार सीवर के अंदर इनका असली इरादा क्या है, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।

क्वींस और ब्रुकलिन में सामने आईं तीन घटनाएं

न्यूयॉर्क के क्वींस और ब्रुकलिन इलाकों में अब तक ऐसी तीन बड़ी घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं, जिन्होंने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। पहली घटना 5 मई को क्वींस की एक सड़क पर हुई। यहां एक ऑटो रिपेयर शॉप के मालिक अकी जाकुपोविक ने अपनी आंखों के सामने 3 लोगों को मैनहोल का भारी ढक्कन हटाकर गटर के भीतर उतरते देखा।

हैरानी की बात यह रही कि अंदर जाने वाले आखिरी व्यक्ति ने ढक्कन को इस तरह वापस बंद कर दिया, मानो कुछ हुआ ही न हो। अकी ने बताया, 'मुझे समझ आ गया था कि ये लोग किसी अच्छे काम के लिए नीचे नहीं जा रहे। उन्होंने मुझे देखा भी, लेकिन उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ा। मैंने न्यूयॉर्क में बहुत-सी अजीब चीजें देखी हैं, पर यह वाकई चौंकाने वाला था।' डर के मारे अकी और उनके स्टाफ ने फौरन पुलिस को फोन किया और बाहर खड़ी ग्राहकों की गाड़ियों को गैरेज के भीतर छिपा दिया, ताकि कोई अनहोनी न हो।

ब्रुकलिन में एक ही दिन दो वारदातें

पुलिस अभी इस मामले की पड़ताल कर ही रही थी कि 28 मई को ब्रुकलिन इलाके से दो और वीडियो सामने आ गए। ब्रुकलिन के ग्रेव्सएंड इलाके में मैकडॉनल्ड एवेन्यू के पास कुछ लोग गटर के अंदर घुसे। कई घंटों बाद एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ कि गटर से एक-एक कर सात आदमी बाहर निकले और बिना किसी हड़बड़ी के आराम से फुटपाथ पर टहलते हुए अंधेरे में गायब हो गए।

ठीक उसी दिन बेडफोर्ड एवेन्यू के पास भी कुछ लड़कों को मैनहोल उठाकर सीवर में जाते देखा गया। ये लोग तड़के करीब 3:40 बजे बाहर निकले और एक कार में सवार होकर फरार हो गए। पिछले 15 साल से वहां दुकान चला रहे 66 साल के रूफात कफारोव कहते हैं, 'मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा कभी नहीं सुना। यह तो पूरी तरह पागलपन है।'

'मैनहोल क्रीपर्स' को लेकर तरह-तरह की थ्योरी

इन 'मैनहोल क्रीपर्स' को लेकर पूरे न्यूयॉर्क में अटकलों और साजिश की थ्योरियों का बाजार गर्म है। आखिर इतनी गंदी और खतरनाक जगह कोई अपनी मर्जी से क्यों जाएगा?

करोड़ों का छिपा खजाना: सबसे बड़ी थ्योरी 'ट्रेजर हंटिंग' यानी खजाने की तलाश की है। माना जाता है कि न्यूयॉर्क के सीवर में सालों से लोगों के गिरे हुए सोने के गहने, अंगूठियां और कीमती सामान बहकर इकट्ठा हो जाते हैं। 1800 के दशक में न्यूयॉर्क टाइम्स के कई लेखों में भी दावा किया गया था कि गटर की गहराइयों से कीमती जवाहरात निकाले गए। फिल्मों की तरह अपराधी भी अक्सर ड्रग्स या चोरी का माल पुलिस से बचाने के लिए गटर में फेंक देते हैं।

चोरों का कबूलनामा: यह थ्योरी पूरी तरह काल्पनिक नहीं है। साल 2015 में एक 21 साल के लड़के को इसी तरह गटर से निकलते पकड़ा गया था। पिछले साल भी ब्रुकलिन के सीवर से तीन लोग पकड़े गए थे, जिनमें से एक विलर ग्रीन ने पुलिस को बताया था, 'लोग घर के पाइपों में अपना सोना खो देते हैं। हम उसे ढूंढकर बेचने और पैसे कमाने के लिए गटर में गए थे।'

बैंक डकैती का मास्टरप्लान: हालांकि हर कोई खजाने वाली बात पर यकीन नहीं कर रहा। 37 साल की ओल्गा का मानना है कि यह किसी बड़ी डकैती की साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा, 'थोड़ी-सी ज्वेलरी के लिए इतनी गंदी जगह पर कोई इतनी मेहनत नहीं करेगा। हो सकता है ये लोग नीचे ही नीचे सुरंग खोदकर किसी बैंक या बड़ी दुकान के लॉकर तक पहुंचने की कोशिश में हों।'

पुलिस और प्रशासन की सख्त चेतावनी

इस रहस्यमयी मामले पर न्यूयॉर्क के पर्यावरण संरक्षण विभाग (DEP) ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के प्रवक्ता रॉब वोलिज्स्का ने जनता को आगाह करते हुए कहा, 'सीवर के भीतर जाना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि बेहद जानलेवा भी है। इन पाइपों और गटरों में जहरीली और दम घोंटने वाली गैसें भरी होती हैं। वहां अचानक बाढ़ आने का खतरा बना रहता है और जगह इतनी संकरी होती है कि कोई भी फंसकर जान गंवा सकता है।'

फिलहाल न्यूयॉर्क पुलिस ने पूरे इलाके की जांच के बाद साफ किया है कि जनता की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। अब तक न किसी के घायल होने या किसी बड़ी चोरी की रिपोर्ट मिली है और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है। लेकिन आधी रात को गटर से निकलने वाले इन रहस्यमयी लोगों ने पूरी दुनिया को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि न्यूयॉर्क के नीचे आखिर चल क्या रहा है।

https://hindi.news18.com/world/america-mystery-of-new-york-city-manhole-creepers-cctv-footage-of-men-emerging-from-sewers-gutters-at-night-10540786.html