पहाड़गंज में दिनदहाड़े फायरिंग से फैली सनसनी
देश की राजधानी दिल्ली में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम करीब 5 बजे पहाड़गंज का इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। एक अज्ञात हमलावर ने प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में घुसकर सरेआम गोलीबारी की, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद आरोपी बड़ी ही आसानी से मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद से पुलिस की टीमें मुस्तैद हैं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
ग्राहक बनकर आया था हमलावर
ऑफिस में मौजूद चश्मदीद बॉबी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि एक युवक वहां मकान खरीदने के इरादे से आया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था और उसने प्रॉपर्टी से जुड़ी बातचीत भी की। हालांकि, कुछ ही मिनटों के बाद उस शख्स ने अचानक अपनी पिस्टल निकाल ली और ऑफिस में मौजूद लोगों से 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई, तो उसने गोली चला दी और तुरंत वहां से भाग खड़ा हुआ। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
दिल्ली में अपराध की घटनाएं
दिल्ली में इस तरह की हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में गगन सिनेमा के पास लूट के इरादे से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोहम्मद अनीश के रूप में हुई थी, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया का निवासी था। पुलिस ने इस मामले में 30 वर्षीय आसिफ और 28 वर्षीय परम शिवम को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा नेहरू विहार में भी एक युवक की हत्या का मामला सामने आया था, जहां तीन हमलावरों ने राशिद नामक युवक पर गोलियों की बौछार कर दी थी। हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों से करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की थी। गंभीर रूप से घायल राशिद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, राशिद के शरीर में सिर, चेहरा और पेट समेत कुल 12 गोलियां लगी थीं। इस मामले में दयालपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
https://www.indiatv.in/delhi/delhi-pahadganj-attacker-enters-property-dealer-office-fires-shot-after-failing-to-get-5-lakh-extortion-2026-06-29-1228114