पत्नि से अलगाव के बाद बदल गया फैयाज का नजरिया
मुंबई में मोहर्रम के दौरान लोगों को जहरीली गोलियां बांटने वाले आरोपी फैयाज प्रेमजी मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी को उसकी पत्नी ने छोड़ दिया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने अपने मन में यह धारणा बना ली थी कि पूरी दुनिया उसकी दुश्मन है। उसका दावा है कि वह समाज के हर व्यक्ति से बदला लेना चाहता था, मानो हर किसी ने मिलकर उसे इस स्थिति में धकेला हो।
BBA ग्रेजुएट है आरोपी फैयाज
जांच के क्रम में पुणे पुलिस ने आरोपी के पिता का बयान दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि फैयाज प्रेमजी की मां और बहन वर्तमान में ईरान में निवास कर रही हैं। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपी के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। इसके साथ ही इस बात की गहन पड़ताल जारी है कि उसने घातक जिंक फास्फाइड कहां से मंगवाया था और यह उस तक कैसे पहुंचा। 39 साल का फैयाज प्रेमजी एक BBA ग्रेजुएट है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या आरोपी पहले से ही किसी मनोरोग का उपचार करवा रहा था या उसकी कोई पुरानी मेडिकल हिस्ट्री है।
घर पर मिली चूहों की भरमार और तैयारी
आरोपी पिछले कुछ समय से अपने जीवन में काफी हताशा और तनाव का अनुभव कर रहा था। पुणे पुलिस की एक टीम ने जब उसके पुणे स्थित आवास की तलाशी ली, तो वहां चूहों की अत्यधिक संख्या पाई गई। सूत्रों का मानना है कि इसी वजह से उसे जिंक फास्फाइड के बारे में जानकारी थी और वह इसके उपयोग से भली-भांति परिचित था। जांच में यह भी पता चला है कि उसने अपने फोन में AI टूल के जरिए यह सर्च किया था कि जिंक फास्फाइड की कितनी मात्रा मानव शरीर पर क्या घातक प्रभाव डाल सकती है।
कैसे धरा गया आरोपी
मुंबई के डोंगरी इलाके में स्थित सन डोरमेट्री से फैयाज प्रेमजी को गिरफ्तार किया गया। उसने मोहर्रम के दिन लोगों को जहरीले कैप्सूल खिलाकर मारने की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस जब छापेमारी के लिए पहुंची तो आरोपी गहरी नींद में सो रहा था। डोरमेट्री के मैनेजर जाकिर हुसैन के मुताबिक, फैयाज पिछले साल भी वहां रुका था। पुलिस को उसके पास से एक बोरे में भरे हुए कैप्सूल बरामद हुए हैं।
https://www.indiatv.in/maharashtra/maharashtra-faiyaz-premji-who-distributes-zinc-phosphide-poisonous-capsule-during-muharram-in-mumbai-was-left-by-wife-2026-06-29-1228036