गर्मी के मौसम में त्वचा पर टैनिंग हो जाना आम बात है, लेकिन कई बार यह इतनी गहरी हो जाती है कि चेहरा काला और बेजान दिखने लगता है। अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू नुस्खों की मदद से आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। खास बात यह है कि इन उपायों पर एक भी रुपया खर्च नहीं होता, क्योंकि इनमें इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें आपके किचन में ही मौजूद रहती हैं। आइए जानते हैं इन्हें इस्तेमाल करने का सही तरीका।
त्वचा की टैनिंग दूर करने के असरदार घरेलू नुस्खे
टमाटर, कॉफी और शहद
टमाटर में मौजूद लाइकोपीन टैन को कम करने में मददगार होता है, जबकि शहद त्वचा को आराम देकर उसमें नमी बनाए रखता है। वहीं कॉफी एक बेहतरीन स्क्रब का काम करती है। इसके लिए एक टमाटर को आधा काट लें और उस पर शहद तथा कॉफी पाउडर डालें। अब इस आधे टमाटर को सीधे अपने चेहरे पर हल्के हाथों से रगड़ें। इस मिश्रण को कुछ देर चेहरे पर लगा रहने दें और फिर चेहरा धो लें। आप देखेंगे कि टैनिंग पहले से हल्की हो गई है।
बेसन, हल्दी और दही
टैनिंग से निजात पाने में बेसन, हल्दी और दही का मेल भी बहुत फायदेमंद माना जाता है। बेसन त्वचा को एक्सफोलिएट करता है, हल्दी चेहरे को प्राकृतिक निखार देती है और दही दाग-धब्बों को कम करने में मदद करता है। इसके लिए 2 बड़े चम्मच बेसन में एक चुटकी हल्दी और दही मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और सूख जाने के बाद धो लें।
एलोवेरा और नींबू
एलोवेरा सनबर्न से प्रभावित त्वचा को ठंडक और राहत पहुंचाता है, जबकि नींबू टैन को हल्का करने में कारगर है। इसके लिए 1 बड़ा चम्मच ताजा एलोवेरा जेल लें और उसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें मिला लें। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर 10 मिनट तक रहने दें और फिर ठंडे पानी से धो लें। ध्यान रहे, अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है तो नींबू का इस्तेमाल करने से बचें।
आलू का रस और चावल का आटा
आलू का रस काले धब्बों को हल्का करने में असरदार होता है और चावल का आटा एक नेचुरल स्क्रबर की तरह काम करता है। इसके लिए एक कच्चे आलू को कद्दूकस करके उसका रस निकाल लें और उसमें चावल का आटा मिलाएं, ताकि एक दरदरा मिश्रण तैयार हो जाए। इसे हल्के हाथों से चेहरे पर रगड़ें और धोने से पहले 10 मिनट तक लगा रहने दें।
https://www.indiatv.in/lifestyle/fashion-and-beauty-tips/these-face-packs-instantly-relieve-tanning-and-dull-skin-know-how-to-make-at-home-2026-06-04-1223025