बीते एक साल में बांग्लादेश क्रिकेट टीम का मैदानी प्रदर्शन काफ़ी बेहतर हुआ है और इसमें टीम के साथ जुड़े युवा तेज गेंदबाजों की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। हाल ही में बांग्लादेश ने अपने घर में पाकिस्तान को टेस्ट और उससे पहले वनडे सीरीज में शिकस्त दी थी, जहाँ इन तेज गेंदबाजों ने जीत दिलाने में बड़ा योगदान दिया। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से ठीक पहले टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि तेज गेंदबाजी कोच शॉन टेट ने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक तय था टेट का कार्यकाल
शॉन टेट ने जब से बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी कोच की कमान संभाली, उसका असर भी मैदान पर साफ़ नज़र आया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप तक का कार्यकाल सौंपा था और उन्होंने यह जिम्मेदारी मई 2025 में संभाली थी। अब क्रिकबज को दिए बयान में टेट ने स्पष्ट कर दिया कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी बयान में बताया गया कि टेट ने पारिवारिक कारणों के चलते यह फ़ैसला लिया है। रिलीज़ में कहा गया कि टेट इस ज़िम्मेदारी को आगे भी निभाना चाहते थे, लेकिन उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा, जिसका बोर्ड पूरा सम्मान करता है। टेट के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में युवा गेंदबाज नाहिद राणा को देखा जा सकता है, जिन्होंने पिछले एक साल में बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी आक्रमण की बेहद शानदार अगुवाई की है।
नए तेज गेंदबाजी कोच का जल्द ऐलान कर सकता है बीसीबी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश को 9 जून से अपने घर में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, जिसके पहले दो मुकाबलों के लिए बीसीबी पहले ही स्क्वाड का ऐलान कर चुका है। माना जा रहा है कि बोर्ड इस सीरीज की शुरुआत से पहले नए तेज गेंदबाजी कोच के नाम पर मुहर लगा सकता है, जहाँ शॉन टेट की जगह बांग्लादेश के पूर्व तेज गेंदबाज तल्हा जुबैर को यह ज़िम्मेदारी दी जा सकती है। तीन वनडे के अलावा बांग्लादेश को 17 जून से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है, जिसके सभी मुकाबले चट्टोग्राम के स्टेडियम में खेले जाएंगे।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/shaun-tait-bangladesh-fast-bowling-coach-stepped-down-from-his-position-ahead-series-against-australia-2026-06-04-1223020