ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों में धोखे और मारपीट का एक मामला सामने आया है। प्रेम विवाह करने वाली पत्नी का दिल किसी दूसरे युवक पर आ गया, और जब व्हाट्सएप चैट से इसकी हकीकत उजागर हुई तो पति अपनी बहन को साथ लेकर बातचीत के लिए पत्नी के मायके पहुंचा। लेकिन वहां पत्नी के परिजनों ने भाई-बहन की ही पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित भाई-बहन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार साल पहले हुई थी प्रेम शादी
यह पूरा मामला प्रेम विवाह से जुड़ा है। युवक विजय मिश्रा ने चार साल पहले युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद शुरुआत में सबकुछ सामान्य चल रहा था और दंपती को एक बेटा भी हुआ। लेकिन धीरे-धीरे पति को पत्नी के व्यवहार पर शक होने लगा।
युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य शादीशुदा युवक से प्रेम संबंध हो गया था। पत्नी के मोबाइल में व्हाट्सएप चैट देखकर उसने इस बात की पुष्टि होने का दावा किया। इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया और नाराज होकर पत्नी मायके चली गई।
समझौते की कोशिश में ससुराल पहुंचा युवक
युवक ने इस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिश की। इसी सिलसिले में वह अपनी बहन के साथ पत्नी के मायके खल्लासीपुरा पहुंचा। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पत्नी के परिजनों ने युवक और उसकी बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घर के बाहर सड़क पर दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई। सामने आए वीडियो में भाई-बहन के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
मारपीट के बाद पीड़ित युवक और उसकी बहन इंदरगंज थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे केवल समझौते के इरादे से गए थे, लेकिन उनके साथ अभद्रता कर हमला कर दिया गया।
पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट में कौन-कौन शामिल था।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
यह घटना फिलहाल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ शक अब मारपीट तक जा पहुंचा। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/gwalior-love-marriage-with-former-lover-then-wife-falls-for-another-man-whatsapp-chats-local18-10540233.html