नाबालिग से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, भाई के साथ डीजे का काम करता था आरोपी, किराए के कमरे में रखा साथ

ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग से शादी का वादा कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता के भाई के साथ डीजे का काम करता था और बाद में फरार हो गया।

ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को विवाह का वादा कर किराए के कमरे में अपने साथ रखा और उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

कैसे हुई दोनों की पहचान

पीड़िता हजीरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और उसका भाई डीजे का काम करता है। आरोपी राहुल राठौर, जो हजीरा थाना क्षेत्र के यादव धर्मकांटा का निवासी है, भी पीड़िता के भाई के साथ ही डीजे का काम करता था। इसी सिलसिले में राहुल का पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हुआ और दोनों के बीच जान-पहचान हो गई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

शादी का वादा कर किराए के कमरे में रखा

आरोप है कि राहुल ने पीड़िता से शादी करने का वादा किया और धर्मकांटा इलाके के पास किराए का कमरा लेकर 2 अक्टूबर 2025 से उसे अपने साथ रखना शुरू कर दिया। इस दौरान वह नाबालिग के साथ दुष्कर्म करता रहा और शादी की बात को टालता रहा।

दबाव बनाने पर हुआ फरार

जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी उसे छोड़कर लापता हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/gwalior-minor-was-raped-on-the-pretext-of-marriage-local18-10540245.html