मुजफ्फरपुर अग्निकांड पर सख्त हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत, जांच के आदेश और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए अग्निकांड की जांच के आदेश देते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड को बिहार सरकार ने गंभीरता से लिया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने घटना की जांच के आदेश देते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि इस हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों को मुआवजा और प्रशासन को निर्देश

मंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घायलों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

इलाज की समुचित व्यवस्था

स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य संस्थानों और पटना के अस्पतालों में भी इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। निशांत ने बताया कि उन्होंने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी से फोन पर बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि अस्पताल प्रबंधन की किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राज्य के अन्य अस्पतालों में भी फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अस्पतालों का फायर ऑडिट कराया जाएगा और अग्निशमन अधिकारियों द्वारा सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।

सरकार का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और अस्पतालों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

https://hindi.news18.com/news/bihar/muzaffarpur-muzaffarpur-hospital-fire-health-minister-nishant-in-action-orders-strict-measures-with-investigation-10540150.html