यात्री सुरक्षा के लिए सख्त कदम
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय यानि आरटीओ ने एक विशेष चेकिंग अभियान को अंजाम दिया। यह कार्रवाई सोमवार की सुबह 5 बजे से शुरू की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों पर दौड़ रही बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच करना था।
सीएम हेल्पलाइन पर मिली थी शिकायतें
इस छापेमारी अभियान की पृष्ठभूमि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई कई शिकायतें बनीं। यात्रियों ने बसों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों के बार-बार उल्लंघन को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, विशेष रूप से तीन इमली चौराहा और रिंग रोड पर बसों की सघन जांच शुरू की।
कई बसों में मिलीं गंभीर खामियां
जांच के दौरान टीम को कई बसों में सुरक्षा से जुड़ी बड़ी अनियमितताएं देखने को मिलीं। बसों में स्पीड गवर्नर, इमरजेंसी एग्जिट और फायर सेफ्टी जैसे अनिवार्य उपकरणों का अभाव पाया गया। इसके अलावा, कई बसें फिटनेस सर्टिफिकेट, वैध परमिट और बीमा जैसी जरूरी शर्तों को पूरा नहीं कर रही थीं। यात्रियों की जान जोखिम में डालकर चलाई जा रही ओवरलोडिंग की समस्या भी इस दौरान सामने आई। नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर आरटीओ ने तत्काल प्रभाव से 5 बसों को जब्त कर लिया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों पर प्रशासन ने करीब 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/indore-indore-rto-checking-drive-intensive-inspection-of-buses-local18-10610681.html