पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इन अटकलों को बल किसी बाहरी सूत्र से नहीं, बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के एक बयान से मिला है।
हुड्डा ने कहा, "कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और पार्टी में उनका एक बड़ा कद रहा है। संपर्क में हैं, बात की जा सकती है।" उनके इस बयान के बाद पंजाब से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर शुरू हो गया है।
राहुल गांधी की सराहना
हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की तारीफ की थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई के निधन पर राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें फोन कर संवेदना जताई थी।
बीजेपी के कार्यक्रम से दूरी
दूसरी ओर, बीजेपी ने हाल ही में केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि भाजपा ने इस बारे में उनसे कोई राय नहीं ली थी। बुधवार को जब भाजपा कार्यालय में केवल सिंह ढिल्लों ने पदभार संभाला, तो पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहे, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नदारद नजर आए।
सीएम पद से इस्तीफा और फिर कांग्रेस को अलविदा
गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और इसके बाद नवंबर 2021 में कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था। वे नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चल रहे विवाद और कांग्रेस आलाकमान द्वारा खुद को दरकिनार किए जाने से बेहद नाराज थे।
पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने 'पंजाब लोक कांग्रेस' के नाम से अपना नया दल बनाया और बीजेपी के साथ गठबंधन कर 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा। इस चुनाव में हार के बाद उन्होंने 19 सितंबर 2022 को अपनी पार्टी का पूरी तरह भाजपा में विलय कर दिया और खुद भी आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए।
https://www.indiatv.in/punjab/will-captain-amarinder-singh-return-to-congress-bhupinder-singh-hooda-he-is-in-touch-2026-06-04-1223006