सड़क निर्माण पर उठे सवाल
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के गालिबपुर ग्राम सभा में सड़क निर्माण के दौरान भ्रष्टाचार और लापरवाही की तस्वीरें सामने आई हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यहां बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता इतनी खराब है कि निर्माण कार्य आगे बढ़ने के साथ ही पीछे से सड़क उखड़ने लगी। निर्माण के नाम पर हो रही इस धांधली को देखकर ग्रामीणों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया।
विधायक ने रुकवाया काम
सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं की जानकारी जब मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र कुमार को मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। विधायक ने स्थिति का जायजा लिया और निर्माणाधीन सड़क को तुरंत रुकवा दिया। विधायक राजेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि गालीबपुर में मंडी परिषद द्वारा कराई जा रही इस सड़क का निर्माण कार्य मानकों के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी है कि मानक के अनुरूप काम न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का आरोप और अधिकारियों का रवैया
स्थानीय निवासी आदित्य कुमार ने बताया कि जब ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में हो रही धांधली के खिलाफ आवाज उठाई और शिकायत की, तो मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बेहद अजीब तर्क दिया। कर्मचारियों ने ग्रामीणों से कहा कि गांव की सड़क ऐसे ही बनाई जाती है। इस जवाब ने ग्रामीणों के गुस्से को और बढ़ा दिया है। अब क्षेत्र में चर्चा है कि आखिर सरकारी धन का इस तरह खुला दुरुपयोग कैसे किया जा रहा है और क्या विभाग दोषियों पर ठोस कार्रवाई करेगा।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/mau-ground-report-irregularities-road-construction-local18-10608505.html