डेंटल क्लिनिक में जमकर हुआ बवाल
मध्य प्रदेश के जबलपुर से लव जिहाद का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक डेंटिस्ट अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को राजकुमार बताकर हिंदू युवतियों को प्रेम जाल में फंसाता था और उनसे शादी करता था। जब इस बात का पता चला तो जबलपुर स्थित डेंटल स्क्वायर क्लिनिक में भारी हंगामा हो गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने क्लिनिक में घुसकर संबंधित डॉक्टर की जमकर पिटाई कर दी। लव जिहाद के बढ़ते मामलों के बीच इस घटना ने फिर से पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है, जहां युवक अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर युवतियों को निशाना बना रहे हैं।
मुस्लिम डॉक्टर पर लगा पहचान छिपाने का आरोप
मदन महल थाना क्षेत्र स्थित डेंटल स्क्वायर के डॉक्टर सैयद ईशाक असरार को हिंदूवादी संगठनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोपी के कपड़े उतरवा दिए और उसे पूरे इलाके में घुमाया। संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सैयद ईशाक असरार लंबे समय से अपनी असली पहचान छिपाकर हिंदू युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनसे विवाह कर रहा था। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव की स्थिति बन गई थी।
शादियों के जाल का खुलासा
जांच के दौरान कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। संगठन का दावा है कि आरोपी ने एक हिंदू युवती को हैदराबाद से और दूसरी को कोलकाता से लाकर जबलपुर में शादी रचाई थी। इतना ही नहीं, यह भी आरोप है कि जबलपुर की एक महिला डॉक्टर के साथ भी उसके संबंध थे। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि आरोपी ने अपने आधार कार्ड में भी अपना नाम बदलकर राजकुमार दर्ज करवा रखा था ताकि वह अपनी पहचान छिपा सके।
आठ बार बदली आधार कार्ड में अपनी पहचान
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने आरोपी डेंटिस्ट सैयद ईशाक असरार पर यह गंभीर आरोप लगाया है कि उसने अपने आधार कार्ड में अब तक 8 बार अपनी पहचान को अपडेट करवाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों ने डेंटल स्क्वायर के प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं कि बिना उचित सत्यापन और पृष्ठभूमि की जांच किए बिना ऐसे व्यक्ति को नौकरी पर कैसे रखा गया। पुलिस इस पूरे मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/uproar-over-love-jihad-at-jabalpur-dental-clinic-vishwa-hindu-parishad-activists-thrashed-doctor-2026-06-27-1227748