ममता बनर्जी पर एक और FIR दर्ज, अमित शाह को लेकर दिए बयान से बांग्लादेश तक गरमाई सियासत

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में देश विरोधी टिप्पणी का आरोप लगाते हुए नई FIR दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने बांग्लादेश में हुई उस्मान हादी की हत्या को लेकर गृह मंत्रालय के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की कानूनी परेशानियां और गहरा गई हैं। उनके खिलाफ एक नई FIR दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी सिलीगुड़ी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है, जिसमें उन पर एक बार फिर देश विरोधी टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत वकील रिंकी सेन चटर्जी की ओर से दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि ममता बनर्जी ने बांग्लादेश में हुई उस्मान हादी की हत्या को लेकर देश के गृह मंत्रालय के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए। आरोप है कि इन बयानों से दोनों देशों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद 2 जून 2026 को कोलकाता के धर्मतला में तृणमूल कांग्रेस के एक धरना प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि बांग्लादेश में हुई एक बड़ी हत्या के पीछे की पूरी साजिश और उसमें शामिल लोगों के नाम उन्हें पता हैं, लेकिन वह इनका खुलासा नहीं करेंगी, क्योंकि ऐसा करने से पड़ोसी देश में हलचल मच सकती है। उनका संकेत साफ तौर पर बांग्लादेशी छात्र नेता उस्मान बिन हादी की हत्या की ओर था।

उस्मान हादी की हत्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की ओर इशारा किया गया था।

ममता बनर्जी ने क्या कहा था?

शिकायतकर्ता के अनुसार ममता बनर्जी ने कहा था, ''STF ने बांग्लादेश से एक बड़े हत्यारे को गिरफ्तार किया था। इसे लेकर बांग्लादेश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुआ था। मैं दूसरे देशों की बात नहीं कर रही, मेरा पॉइंट यह है कि वे लोग मेघालय के रास्ते बंगाल में आए। यहां आने के बाद हमारी एसटीएफ ने उन्हें पकड़ा। गृह मंत्री खुद कह रहे हैं। मैंने इतने दिन तक कुछ नहीं कहा लेकिन आज अत्याचार अपनी चरम सीमा पार कर गया है, इसलिए बोल रही हूं। मेरा हृदय सत्य का भंडार है।''

उल्लेखनीय है कि उस्मान हादी की हत्या पिछले साल दिसंबर में बांग्लादेश में हुई थी। हत्या के आरोपी बाद में मेघालय की सीमा पार कर बंगाल पहुंच गए थे, जहां राज्य की एसटीएफ ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

https://www.indiatv.in/india/politics/fir-registered-against-mamata-banerjee-hate-speech-allegations-2026-06-04-1222986