फोन पर बातचीत बनी खूनी विवाद की वजह
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला तंजीम नगर घोस्ट मार्केट का बताया जा रहा है, जहां शाहनवाज नाम का एक युवक फोन पर तेज आवाज में बात कर रहा था। इसी बात को लेकर उसके पड़ोसी आरिफ बरकाती को आपत्ति हुई और उसने शाहनवाज को टोक दिया। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और पड़ोसी ने चाकू से शाहनवाज पर हमला कर दिया।
पेट और चेहरे पर किए ताबड़तोड़ वार
विवाद के दौरान आरिफ बरकाती आवेश में आकर अपने घर के अंदर गया और वहां से एक धारदार छुरी निकाल लाया। इसके बाद उसने शाहनवाज पर एक के बाद एक कई वार किए। आरोपी ने जान की नियत से पीड़ित के पेट, पैर और चेहरे पर चाकू से लगातार हमला किया। इस अचानक हुए हमले से शाहनवाज बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस
घटना की जानकारी मिलने के बाद खजराना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आरिफ बरकाती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कानून व्यवस्था का डर कायम करने के लिए पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस भी निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का सीन रीक्रिएशन भी किया ताकि मामले की बारीकियों को समझा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आरोपी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस सीसीटीवी वीडियो ने स्थानीय निवासियों को भी दहशत में डाल दिया है।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/indore-violent-dispute-in-khajrana-altercation-sparked-by-talking-loudly-on-the-phone-neighbor-attacked-on-man-with-knife-2026-06-27-1227729