तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गुरुवार को अमीरपेट मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अचानक भीषण आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि यह इमारत तीन मंजिला है। खबर लिखे जाने तक इस हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की कोई सूचना सामने नहीं आई थी। दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक आग अमीरपेट के हेल्मेट बाज़ार में लगी, जिस पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी लगातार जुटे रहे।
आग से प्रभावित हुई ट्रैफिक की आवाजाही
इस घटना का असर आसपास के इलाके में यातायात पर भी पड़ा। हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस के अनुसार आग बुझाने और इमरजेंसी रिस्पॉन्स ऑपरेशन के चलते अमीरपेट और एसआर नगर के बीच की सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई, जिससे भारी जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि वे प्रभावित मार्ग पर जाने से बचें और जब तक यातायात सामान्य न हो जाए तब तक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
निवासियों ने देखा धुआं, तुरंत दी सूचना
स्थानीय कांग्रेस नेता नागार्जुन रेड्डी ने बताया कि इमारत से धुआं निकलता देख निवासियों ने तत्काल इमरजेंसी सेवाओं को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "हमने करीब आधे घंटे पहले इमारत से धुआं उठते देखा और तुरंत फायर डिपार्टमेंट को इसकी सूचना दी। अब आग काफी हद तक काबू में आ चुकी है।"
https://www.indiatv.in/india/national/fire-breaks-out-at-commercial-complex-in-hyderabad-2026-06-04-1222979