दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद पूरे देश में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में 5 मंजिला एक इमारत को गिरा दिया गया है, वहीं दिल्ली में भी अवैध होटल, गेस्ट हाउस और संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सख्त आदेश जारी किए हैं।
यूपी में विशेष सुरक्षा निरीक्षण का आदेश
दिल्ली की घटना से सबक लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की ऊंची इमारतों, होटलों, दफ्तरों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के विशेष सुरक्षा निरीक्षण का आदेश दिया है। उन्होंने सभी विकास प्राधिकरणों के साथ-साथ पुलिस, फायर ब्रिगेड और पीडब्ल्यूडी विभाग को इन इमारतों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।
जमा करनी होगी ऑडिट रिपोर्ट
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अग्नि सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने पर खास जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी होटल विशेष सुरक्षा जांच के बाद अपनी ऑडिट रिपोर्ट जमा करें और इस मामले में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
- दिल्ली अग्निकांड के बाद सीएम योगी का सख्त आदेश
- ऊंची इमारतों, होटलों और दफ्तरों का विशेष सुरक्षा निरीक्षण
- पुलिस, फायर ब्रिगेड और पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश
- अग्नि सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने पर जोर
- सभी होटल सुरक्षा जांच के बाद जमा करेंगे ऑडिट रिपोर्ट
जयपुर में ढहाई गई झुकी हुई 5 मंजिला इमारत
दिल्ली अग्निकांड का असर जयपुर में भी देखने को मिला, जहां प्रशासन ने 5 मंजिला एक इमारत को गिरा दिया। भविष्य में किसी अनहोनी से बचने के लिए प्रशासन पहले से ही सक्रिय हो गया है। दरअसल यह इमारत झुकी हुई थी और यदि इसे समय रहते न गिराया जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इसी आशंका को देखते हुए हादसे से पहले ही इस इमारत को समतल कर दिया गया।
दिल्ली में सील होंगे अवैध नर्सिंग होम और होटल
मालवीय नगर होटल हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मंत्रियों की बैठक बुलाई है। 21 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद दिल्ली सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में दिख रही है। कल हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने होटल, नर्सिंग होम, रेस्टोरेंट और कोचिंग संस्थानों की जांच का आदेश दिया है, जो एक महीने तक जारी रहेगा। उपराज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों और कोचिंग सेंटरों को तुरंत सील किया जाएगा। साथ ही जिन होटलों या लॉज में स्वीकृति से अधिक कमरे पाए जाएंगे, उन्हें भी फौरन सील कर दिया जाएगा।
एलजी और एमसीडी के भी सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल के बाद अब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भी कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। एमसीडी का कहना है कि दक्षिण दिल्ली में अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ जल्द अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत भवन उपविधियों और लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
बिहार के मुजफ्फरपुर अग्निकांड में 4 की मौत
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में भीषण आग लग गई। अस्पताल के आईसीयू में लगी इस आग में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के परिजनों के अनुसार, जैसे ही आग लगी, अस्पताल का सारा स्टाफ मरीजों को छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
https://www.indiatv.in/india/national/malviya-nagar-fire-tragedy-nationwide-action-cm-yogi-issues-strict-order-5-story-building-demolished-in-jaipur-2026-06-04-1222961