आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में लोग खुद को फिट और सेहतमंद रखने के लिए अपने खानपान को लेकर पहले से कहीं ज़्यादा सजग हो गए हैं। आमतौर पर डाइटिंग का नाम सुनते ही फीके और बेस्वाद भोजन की तस्वीर ज़ेहन में आ जाती है, लेकिन हकीकत इससे अलग है। अगर सही सामग्री और संतुलन के साथ व्यंजन तैयार किया जाए तो डाइट फूड भी उतना ही स्वादिष्ट और पौष्टिक हो सकता है। ऐसी ही एक सरल और सेहतमंद रेसिपी है काला चना डाइट चाट, जिसे स्वाद और पोषण का बेहतरीन संगम माना जाता है। यह खासकर उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो वज़न नियंत्रित रखना चाहते हैं या हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना चाहते हैं।
प्रोटीन और फाइबर का खज़ाना है काला चना
जानकारों के मुताबिक, काला चना प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई ज़रूरी पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है। इसे खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है। जब इसमें ताज़ी सब्जियां और हल्के मसाले मिलते हैं, तो यह एक पौष्टिक स्नैक या हल्का भोजन बन जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज़्यादा समय नहीं लगता और यह घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से तैयार हो जाती है।
घर के अनुभव से सीखी रेसिपी
बलिया की बांसडीह तहसील के अंतर्गत केवटलिया चौबे गांव के निवासी मंटू कुमार भारद्वाज बताते हैं कि वह फिलहाल बलिया शहर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें सुबह खुद ही खाना बनाना पड़ता है और इसमें उनके मित्र भी मिलजुलकर साथ देते हैं। मंटू अक्सर अलग-अलग व्यंजन बनाते रहते हैं, जो उन्होंने अपनी माताजी से सीखे हैं। समय की कमी के बावजूद वह शानदार और पौष्टिक डाइट तैयार कर लेते हैं, जिसका स्वाद ऐसा होता है कि खाने के बाद उंगलियां चाटते रह जाएं।
ऐसे करें शुरुआत
डाइट चाट बनाने के लिए सबसे पहले करीब एक कप भीगे हुए काले चने लें। इन्हें रात में ही भिगोकर रख दें और सुबह इस्तेमाल करें। इससे चने नरम हो जाते हैं और पचने में भी आसानी रहती है।
इस तरह तैयार करें स्वादिष्ट चना चाट
इसके बाद इसमें एक मध्यम आकार का बारीक कटा प्याज, एक टमाटर, एक छोटा खीरा और एक बारीक कटी हरी मिर्च डालें। स्वाद और पोषण बढ़ाने के लिए इसमें छोटे टुकड़ों में कटा पनीर भी मिलाया जा सकता है। चाहें तो थोड़ा उबला हुआ आलू भी शामिल कर सकते हैं, हालांकि वज़न घटाने की डाइट फॉलो करने वाले लोग आलू की मात्रा सीमित रख सकते हैं।
अब इस मिश्रण में आधा चम्मच नमक, एक चम्मच काला नमक, एक चम्मच चाट मसाला और आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आखिर में स्वादानुसार नींबू का रस मिला दें, जिससे इसका स्वाद और भी निखर जाता है। कुछ ही मिनटों में तैयार होने वाली यह हेल्दी डाइट चाट स्वाद के साथ-साथ शरीर को ज़रूरी पोषण देने में भी मदद करती है।
हेल्दी स्नैकिंग बेहतर विकल्प
विशेषज्ञ भी मानते हैं कि हेल्दी स्नैकिंग अच्छी जीवनशैली का अहम हिस्सा है। ऐसे में तली-भुनी चीज़ों और ज़्यादा कैलोरी वाले फास्ट फूड के बजाय घर पर बनी हेल्दी चाट को अपनाना बेहतर साबित हो सकता है। स्वाद और सेहत के बीच संतुलन चाहने वालों के लिए काला चना डाइट चाट एक आसान और पौष्टिक विकल्प बन सकती है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ballia-add-flavor-your-diet-make-healthy-black-gram-chaat-at-home-minutes-local18-ws-l-10538549.html