लंबी फ्लाइट्स, रात भर का ट्रेन सफर या घंटों चलने वाली रोड ट्रिप — सुनने में भले ही ये सब रोमांचक लगें, लेकिन इस दौरान शरीर पर जो असर पड़ता है, उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। तंग सीटें, पैर फैलाने की कम जगह और लगातार एक ही पोजीशन में बैठे रहने से पीठ अकड़ जाती है, पैर भारी हो जाते हैं और पूरे शरीर में बेचैनी महसूस होने लगती है।
आराम पाने के लिए अक्सर लोग नेक पिलो यानी गर्दन का तकिया, आई मास्क या खास तरह के मोजे अपने साथ रखते हैं। लेकिन आजकल समझदार यात्री और एक्सपर्ट अपने बैग में एक बेहद अनोखी और छोटी सी चीज रख रहे हैं — एक टेनिस बॉल! जी हां, चौंकिए मत। यह हल्की और छोटी सी बॉल आपके सफर के दर्द को कुछ ही मिनटों में दूर कर सकती है।
एक्सपर्ट की राय
दिल्ली के जाने-माने फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. आकाश दीप शर्मा (MPT, ऑस्टियोपैथ और फिजियोडेंट स्टूडियो के ओनर) के मुताबिक, सफर के दौरान होने वाला दर्द लगातार बैठे रहने और शरीर में मूवमेंट न होने की वजह से पैदा होता है। ऐसी स्थिति में यह छोटी सी बॉल किसी जादू की तरह काम करती है। आइए जानते हैं कि सफर में एक टेनिस बॉल आपके किन-किन कामों में मददगार साबित हो सकती है।
कमर और कूल्हों के दर्द से तुरंत राहत
घंटों बैठे रहने से लोअर बैक और हिप्स की मांसपेशियां जाम हो जाती हैं। डॉ. आकाश दीप बताते हैं, “सफर के दौरान सीट पर बैठे-बैठे ही टेनिस बॉल को एक तरफ के हिप के नीचे रखें और हल्के से बॉडी को गोल-गोल घुमाएं। एक मिनट बाद यही प्रक्रिया दूसरी तरफ दोहराएं।” इससे मांसपेशियों की अकड़न तुरंत कम हो जाती है, और वह भी आस-पास बैठे यात्रियों को परेशान किए बिना।
गर्दन और कंधे की जकड़न होगी दूर
जब सीट पर बैठे-बैठे गर्दन अकड़ने लगे, तो अपनी सीट को थोड़ा पीछे की ओर झुका लें। अब टेनिस बॉल को अपनी पीठ के ऊपरी हिस्से और सीट के बीच फंसा लें। इसके बाद अपने शरीर को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिलाएं। यह बॉल एक्यूप्रेशर की तरह असर करेगी और आपकी मांसपेशियों को रिलैक्स कर देगी।
पैरों का भारीपन और सुन्नपन खत्म
लगातार पैर लटकाकर बैठने से पैरों में ब्लड सर्कुलेशन धीमा पड़ जाता है। इससे बचने के लिए बॉल को फर्श पर रखें और अपने पैर के तलवे से उसे आगे-पीछे रोल करें। ऐसा करने से पैरों की नसें खुलती हैं, ब्लड फ्लो बेहतर होता है और पैर हल्के महसूस होने लगते हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-travel-hack-why-people-are-carrying-tennis-ball-during-long-journey-flights-trains-back-pain-relief-according-to-dr-akash-deep-sharma-ws-ln-10538817.html