ऑनलाइन सेवाओं में बदलाव की तैयारी
अगर आप अपने पीएफ खाते से जुड़ा कोई काम करने की सोच रहे हैं, तो रुक जाइए। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सिस्टम में बड़ा तकनीकी बदलाव और डेटाबेस को व्यवस्थित करने का काम करने जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान संगठन की ऑनलाइन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहेंगी। करोड़ों खाताधारकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी काम समय रहते पूरे कर लें।
कब तक बंद रहेंगी सेवाएं
जारी की गई जानकारी के मुताबिक, 26 जून 2026 की आधी रात से 28 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक क्लेम दाखिल करने और उसकी प्रोसेसिंग का काम पूरी तरह से बंद रहेगा। संगठन का मुख्य उद्देश्य सेवाओं को पहले से ज्यादा तेज और सुगम बनाना है। सभी सेवाएं 29 जून 2026 की सुबह 12 बजे से सुचारू रूप से काम करना शुरू कर देंगी।
इन सेवाओं पर होगा असर
इस मेंटेनेंस के दौरान सदस्यों को निम्नलिखित दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है:
- नए पीएफ क्लेम फॉर्म जमा करने की सुविधा बंद रहेगी।
- पहले से जमा किए गए क्लेम की प्रोसेसिंग भी इस दौरान रुकी रहेगी, जिसका निपटारा 29 जून के बाद ही संभव हो पाएगा।
- लंबित क्लेम के समाधान में अतिरिक्त समय लग सकता है।
उमंग ऐप पर भी सेवाएं प्रभावित
सिर्फ वेबसाइट ही नहीं, बल्कि UMANG ऐप पर भी पीएफ सेवाएं प्रभावित रहेंगी। मिली जानकारी के अनुसार, इस ऐप पर 2 जुलाई 2026 तक तकनीकी कार्यों की वजह से सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। उपयोगकर्ता उमंग ऐप के जरिए पीएफ बैलेंस चेक करने, क्लेम स्टेटस जानने, यूएएन संबंधित कार्यों और शिकायत दर्ज कराने जैसी सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाएंगे।
पीएफ ब्याज दर पर अपडेट
इस बीच, सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ईपीएफ जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को अपनी मंजूरी दे दी है। इस फैसले से लाखों अंशधारकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
https://www.indiatv.in/paisa/business/epfo-alert-claim-submission-and-processing-will-unavailable-for-3-days-check-out-when-services-will-resume-2026-06-25-1227314