Peddi X रिव्यू: हेलीकॉप्टर शॉट और रोमांचक इंटरवल, राम चरण की 'पेड्डी' पर फैंस का पहला रिएक्शन आया सामने

राम चरण की स्पोर्ट्स ड्रामा 'पेड्डी' सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने सोशल मीडिया पर शुरुआती रिएक्शन देते हुए एक्टर की परफॉर्मेंस और इंटरवल सीन की खूब तारीफ की है।

राम चरण की स्पोर्ट्स ड्रामा 'पेड्डी' अब सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म का प्रीमियर शो 3 जून को सिनेमाघरों में दिखाया गया। रिलीज से ठीक एक दिन पहले रखे गए इस खास शो में दर्शकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। अपने पसंदीदा सितारे राम चरण को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित नजर आए। फिल्म देखने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं, जिसमें लोग एक्टर की दिल खोलकर सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म को लेकर शुरुआती रुझान और रिव्यू भी सामने आ चुके हैं। दर्शकों ने इस फिल्म के बारे में क्या राय दी है, आइए आपको बताते हैं।

दर्शकों के शुरुआती रिएक्शन

शुरुआती प्रतिक्रियाओं में साफ दिख रहा है कि ज्यादातर लोग फिल्म की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें यह पसंद आई है। कई दर्शकों ने ओपनिंग सीन और राम चरण के अभिनय की जमकर सराहना की है। एक यूजर ने एक्स पर लिखा, 'पेड्डी का पहला हाफ एवरेज है, लेकिन प्री-इंटरवल से इंटरवल तक का हिस्सा काफी सॉलिड है और अब तक का सबसे बड़ा हाईलाइट है। चरण की एंट्री वाला सीन भी अच्छा बन पड़ा है। इसके अलावा यह थोड़ा फ्लैट और चॉपी लगता है। हीरोइन और विलेन के ट्रैक खास असर नहीं छोड़ते। चरण की परफॉर्मेंस और म्यूजिक ही दिल जीतने वाले हैं।'

एक अन्य दर्शक ने लिखा, 'इंटरवल सीन में 360 डिग्री और हेलीकॉप्टर क्रिकेट शॉट, वो भी फ्लड लाइट में, जिसके बाद लोग पेड्डी-पेड्डी चिल्लाने लगते हैं, वो शानदार है। एआआर ने कमाल का काम किया है, राय राय रारा और चिकिरी गाना मजेदार है। पहला हिस्सा शानदार है और शुरुआत में ही इमोशन सेट कर दिए गए हैं।'

वहीं एक यूजर की राय थोड़ी अलग रही। उसने लिखा, 'गेम चेंजर का पहला हिस्सा पेड्डी के पहले हिस्से से ज्यादा बेहतर है। यह रूटीन जैसा ही महसूस हो रहा है।'

एक और यूजर ने जोश में आकर लिखा, 'पहला हिस्सा ब्लॉकबस्टर है, बिल्कुल विंटेज अंदाज में। राम चरण हमेशा ड्यूटी पर तैनात नजर आते हैं, इंटरवल कमाल का है और गाने तथा बैकग्राउंड म्यूजिक भी बढ़िया हैं।'

फिल्म की कहानी और कलाकार

'पेड्डी' में राम चरण एक खिलाड़ी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनका किरदार ठीक उसी अंदाज में गढ़ा गया है जैसा असल जिंदगी में सचिन तेंदुलकर का था, जो क्रिकेट से पहले टेनिस खेलने में दिलचस्पी रखते थे। इसी तरह जैसे महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट से पहले फुटबॉल पसंद था, मगर इन बड़े एथलीट्स ने आगे चलकर क्रिकेट के लिए अपने खेल को बदला। ठीक वैसे ही फिल्म में राम चरण का किरदार भी अपने खेल को बदलता हुआ दिखाई देता है। फिल्म में वह खेल के जरिए लोगों को जोड़ते हुए अपने गांव को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। 'पेड्डी' की कहानी बुची बाबू साना ने लिखी है और निर्देशन की कमान भी उन्होंने ही संभाली है। फिल्म में शिवा राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू अहम किरदारों में हैं।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/peddi-x-review-helicopter-shot-spine-chilling-interval-fans-share-first-reactions-after-watching-ram-charans-peddi-2026-06-04-1222902