होटल या अस्पताल में आग लगे तो जान कैसे बचाएं, जानें सुरक्षित निकलने के जरूरी उपाय

आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी के बीच जानिए वे जरूरी सावधानियां और तरीके, जिन्हें अपनाकर आप और आपका परिवार ऐसी आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकल सकते हैं।

पिछले कुछ समय से आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। हाल ही में दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में आग लग गई थी, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई। वहीं आज सुबह बिहार के मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा इलाके में प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने से भी कई लोगों की मौत हो गई। ऐसी स्थिति में अक्सर लोग घबरा जाते हैं, लेकिन डरने या पैनिक करने के बजाय सबसे पहले सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता सोचना चाहिए। अगर कभी आप या आपके परिजन इस तरह की मुसीबत में फंस जाएं तो जान बचाने के सही तरीके पता होना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि आग लगने पर खुद को कैसे सुरक्षित रखें और कौन-सी गलतियों से बचें।

आग लगने पर जान बचाने के जरूरी तरीके

शॉर्ट सर्किट की आग पर पानी न डालें

अगर किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो तो उसे बुझाने के लिए कभी पानी का इस्तेमाल न करें। ऐसा करने पर आपको तेज करंट लग सकता है और हालात और बिगड़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में सिर्फ क्लास ई फायर एक्सटिंग्विशर या सूखी रेत की मदद से ही आग बुझाएं।

ऊपरी मंजिल की ओर न भागें

किसी इमारत में आग लगने पर ऊपर की मंजिल या छत की तरफ भागने की गलती न करें। अक्सर लोग जान बचाने के लिए छत की ओर दौड़ पड़ते हैं, जबकि आग और धुआं हमेशा ऊपर की ओर उठते हैं। इससे ऊपरी मंजिलों पर दम घुटने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। कोशिश करें कि नीचे की ओर इमारत से बाहर निकलें और आग की उल्टी दिशा में बचते हुए भागें।

लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें

आग की स्थिति में लिफ्ट का उपयोग भूलकर भी न करें, क्योंकि आग लगने पर बिजली कट सकती है और आप लिफ्ट में फंस सकते हैं। कई बार लिफ्ट के शाफ्ट में तेजी से धुआं भर जाता है, जिससे दम घुटने का खतरा रहता है। बाहर निकलने के लिए हमेशा सीढ़ियों का ही सहारा लें।

खिड़कियां न खोलें

कई लोग धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियां खोल देते हैं, लेकिन बाहर से आने वाली हवा में ऑक्सीजन की मात्रा अधिक होती है। ऑक्सीजन मिलते ही आग और तेजी से फैल सकती है। बाहर निकलने के लिए ही खिड़की या दरवाजे का इस्तेमाल करें।

जितनी जल्दी हो सके बाहर निकलें

आग लगने पर अक्सर लोग अपना सामान बचाने में जुट जाते हैं, लेकिन याद रखें कि आपकी जान से ज्यादा कीमती कुछ भी नहीं है। सबसे पहले फायर ब्रिगेड को कॉल करें और अपने परिवार को बाहर निकालने की कोशिश करें। ध्यान रखें कि आग बुझाने के चक्कर में उसमें कोई और चीज न फेंकें, इससे आग और भड़क सकती है।

झुककर या बैठकर बाहर निकलें

अगर आग लग जाए और चारों तरफ धुआं भर जाए तो खड़े होकर निकलने के बजाय बैठकर या लेटकर निकलें। घुटनों के बल बाहर की ओर बढ़ें, क्योंकि जमीन के पास ऑक्सीजन का स्तर ज्यादा होता है और धुआं ऊपर की ओर जाता है। निकलते समय अपने मुंह और नाक को गीले कपड़े से ढक लें।

घर में रस्सी और सीढ़ी रखें

आपात स्थिति में बचाव के लिए घर में एक मोटी रस्सी जरूर रखें, जिससे आप आसानी से खिड़की के रास्ते बाहर निकल सकें। इसके अलावा एक सीढ़ी भी आपकी जान बचाने में मददगार साबित हो सकती है, इसलिए इसे भी घर में रखना न भूलें।

सामान के पीछे छिपने से बचें

किसी भी सामान के पीछे छिपने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे रेस्क्यू टीम के लिए आपको ढूंढना मुश्किल हो सकता है। कई बार सामान में आग लग जाती है तो कभी छत गिरने से आप उसी सामान के पीछे फंस सकते हैं। इसलिए हमेशा खुली जगह पर रहने की कोशिश करें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/how-to-survive-if-fire-in-hotel-or-hospital-know-safety-tips-what-steps-to-take-2026-06-04-1222909